राजनांदगांव , संस्कारधानी के सत्यनारायण मंदिर में इस बार कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव भक्ति और आकर्षक साज-सज्जा के साथ मनाया जाएगा। मंदिर में भगवान सत्यनारायण का दिव्य एवं अलौकिक दरबार सजाया जाएगा। देश के विभिन्न राज्यों से सुगंधित व आकर्षक पुष्प मंगाकर मंदिर परिसर और भगवान की झांकी को सजाया जाएगा। जन्माष्टमी को लेकर मंदिर समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इस संबंध में सत्यनारायण मंदिर समिति की बैठक हुई, जिसमें महोत्सव को भव्य स्वरूप देने सहित श्रद्धालुओं की सुविधा और दर्शन व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। समिति अध्यक्ष हरीश अग्रवाल ने बताया कि भाद्रपद कृष्ण पक्ष अष्टमी को भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य हुआ था। जन्माष्टमी आस्था, उमंग और भक्ति का पर्व है। इसी भावना के अनुरूप मंदिर में हर वर्ष विशेष आयोजन किए जाते हैं।
फूलों से सजेगी मनोहारी झांकी: उत्सव प्रभारी लक्ष्मण लोहिया, श्याम खंडेलवाल, राजेश अग्रवाल एवं विजय खंडेलवाल ने बताया कि जन्माष्टमी पर मंदिर परिसर की विशेष साज-सज्जा की जाएगी। विभिन्न प्रकार के सुगंधित पुष्पों से भगवान सत्यनारायण की मनोहारी झांकी तैयार की जाएगी।
फूलों से सजे मंदिर का आकर्षक स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को भगवान सत्यनारायण के साथ बाल गोपाल के मनोहारी लड्डू गोपाल स्वरूप के दर्शन भी होंगे। समिति के अनुसार जन्माष्टमी के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए दर्शन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
