सड़कों पर आवारा मवेशियों की रोकथाम के लिए मालिकों का चिन्हांकन कर होगी कार्रवाई
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, कलेक्टर विजय दयाराम के. की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में जिला पशु कल्याण समिति एवं जिला पशु क्रूरता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पशुधन संरक्षण, गौशालाओं के बेहतर संचालन, पशु कल्याण तथा पशु क्रूरता की रोकथाम से संबंधित विषयों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिले में संचालित गौशालाओं के उन्नयन के साथ चारा-पानी की पर्याप्त एवं नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर आवारा मवेशियों के बैठे रहने से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती है। उन्होंने सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सड़कों से मवेशियों को हटाने तथा उन्हें खुले में छोड़ने वाले पशु मालिकों का चिन्हांकन कर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत नियमानुसार चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सड़कों एवं चौक-चौराहों पर आवश्यकता के अनुरूप रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि आवारा मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। उन्होंने गौधाम संचालन के लिए प्राप्त राशि को गौशालाओं के संचालन के लिए हस्तांतरित करने कहा, जिससे उपलब्ध राशि का उपयोग पशुओं की देखभाल एवं गौशालाओं की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में सुनिश्चित हो सके।कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पशु कल्याण से जुड़े कार्यों में निरंतर निगरानी रखने तथा पशुओं की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पशुधन विकास विभाग द्वारा 21वीं पशु संगणना के आधार पर जिले में पशुधन की स्थिति की जानकारी दी गई। विभाग के अनुसार जिले में कुल 1 लाख 77 हजार 123 पशुधन हैं, जिनमें 1 लाख 54 हजार 723 गौवंशीय, 22 हजार 400 भैंसवंशीय, 62 हजार 787 भेड़-बकरी तथा 562 सूकर शामिल हैं। जिले में पशु चिकित्सा सेवाओं के तहत 7 पशु चिकित्सालय, 19 पशु औषधालय, 1 मुख्य ग्राम खण्ड एवं 10 मुख्य ग्राम खण्ड इकाइयां संचालित हैं। इसके अतिरिक्त 1 चलित पशु चिकित्सा इकाई, 1 पशु प्रजनन क्षेत्र तथा 1 बकरी प्रजनन क्षेत्र भी स्थापित है। जिले में वर्तमान में 5 गौशालाएं संचालित हैं। बैठक में वनमण्डलाधिकारी कुमार निशांत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. वी.के. पटेल सहित जिला पशु कल्याण समिति एवं जिला पशु क्रूरता समिति के सदस्य उपस्थित थे।
