राजनांदगांव , राजनांदगांव-नागपुर हाईवे गांजा-नशीली टेबलेट की तस्करी का बड़ा कॉरिडोर रहा है। इस रूट से ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप की तस्करी होती है। वहीं नागपुर से भिलाई-दुर्ग तक नशीली टेबलेट पहुंचती रही है। इसे देखते हुए एसपी अंकिता शर्मा ने बड़ा अभियान चलाया। इसमें गांजा-टेबलेट की तस्करी और अवैध बिक्री करने वालों पर कार्रवाई की गई।
8 महीने की कार्रवाई में ही पुलिस ने बीते साल के इन दिनों में की गई कार्रवाई को पीछे छोड़ दिया है।
पुलिस की टीम ने अलग-अलग हिस्सों में अवैध गांजा जब्त करने के साथ ही 44 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 3 महिलाएं हैं। इसी तरह नशीली टेबलेट की तस्करी से जुड़े 15 आरोपियों को पकड़ा गया है। इनसे कुल 30 लाख रुप से अधिक का गांजा व टेबलेट जब्त किया गया है। साल 2025 की तुलना में यह कार्रवाई प्रकरणों के लिहाज से 93 फीसदी अधिक है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 124 फीसदी अधिक है। पुलिस की इस कार्रवाई ने तस्करी के बड़े कॉरिडोर में तस्करों की कमर तोड़ दी है।
