राजनांदगांव : शिक्षक राजेश ने सम्मान की राशि से मरदकठेरा स्कूल को संवारा, जन्मदिन पर बच्चों को बांटी शैक्षिक सामग्री…
राजनांदगांव , शिक्षक के लिए सम्मान केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज और विद्यार्थियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी हो सकता है। इसका प्रेरणादायक उदाहरण खैरागढ़- छुईखदान- गंडई जिले के शासकीय प्राथमिक शाला मरदकठेरा के प्रधान पाठक राजेश कुमार प्रजापति ने पेश किया है। राज्य शिक्षक सम्मान और शिक्षादूत सम्मान से नवाजे जा चुके प्रजापति ने सम्मान में मिली राशि को व्यक्तिगत उपयोग में खर्च करने के बजाय स्कूल और विद्यार्थियों की जरूरतों पर लगाया। 5 सितंबर को राजभवन में शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रजापति को डॉ.पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति राज्य शिक्षक सम्मान से नवाजा जाएगा।
प्रजापति को 5 सितंबर 2025 को राजभवन में राज्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया था। इससे पहले वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण शिक्षक सम्मान समारोह में उन्हें शिक्षादूत सम्मान से अलंकृत किया गया। इन सम्मानों से प्राप्त राशि में अपनी राशि मिलाकर उन्होंने स्कूल के लिए एलईडी खरीदा। वहीं राज्य शिक्षक सम्मान से मिली राशि में स्वयं की राशि जोड़कर विद्यालय में दर्ज सभी विद्यार्थियों के लिए हाउस ड्रेस के रूप में लोअर-टीशर्ट उपलब्ध कराया। शिक्षक प्रजापति का कहना है कि बच्चों की खुशी और उनके बेहतर भविष्य में ही शिक्षक के लिए सबसे बड़ा सम्मान है।
जन्मदिन पर बांटी शैक्षणिक सामग्री: इतना ही नहीं, अपने जन्मदिन को भी उन्होंने निजी उत्सव तक सीमित नहीं रखा। इस अवसर पर स्कूल के सभी बच्चों को कापी, पेन, टाई-बेल्ट सहित शैक्षिक सामग्री वितरित की और बच्चों के लिए न्योता भोजन कराया।
