राजनांदगांव : कबड्डी, वालीबॉल, एथलेटिक्स स्पर्धा में जिले के 180 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा…
हॉकी के जादूगर व भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की स्मृति में राष्ट्रीय खेल दिवस पर मिनी स्टेडियम मोहला में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मानपुर जनपद अध्यक्ष पुष्पा मंडावी थीं। विशिष्ट अतिथि डिप्टी कलेक्टर व जिला खेल अधिकारी दुकालू राम ध्रुव, जिला शिक्षा अधिकारी योग दास साहू उपस्थित थे।
कार्यक्रम में जिले के समस्त व्यायाम अनुदेशक व तीनों विकासखंडों के क्रीड़ा प्रभारी भी शामिल हुए। राष्ट्रीय खेल दिवस पर महिला व पुरुष वर्ग में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सामूहिक खेलों के अंतर्गत कबड्डी, वॉलीबॉल तथा एकल खेलों में एथलेटिक्स के अंतर्गत 100 मीटर दौड़, गोला फेंक व लंबी कूद प्रतियोगिता हुई। जिले के तीनों विकासखंडों से 180 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत: समापन समारोह में डिप्टी कलेक्टर व जिला खेल अधिकारी तथा जिला शिक्षा अधिकारी ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
