कोरोनाकाल के बीच स्कूलों में ऑफलाइन क्लास शुरू हो गई है। 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ रोजाना क्लास लगेगी। बच्चे भी उत्साह के साथ स्कूल पहुंच रहे हैं। किंतु शिक्षक ही लगातार नदारद रहने से बच्चों की ऑफलाइन पढ़ाई नहीं हो पा रही है। ब्लॉक के ग्राम अंडी हायर सेकेंडरी स्कूल में लगातार तीन दिन अवकाश रहने के बाद भी चौथे दिन बुधवार को भी अधिकतर शिक्षक नदारद रहे।
लगातार मिल रही शिकायत के बाद सरपंच जसबीर सिंह चौहान व शाला विकास प्रबंधन समिति के अध्यक्ष लालचंद साहू व अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्कूल का औचक निरीक्षण किया। स्कूल में ड्यूटी में केवल पांच स्टाफ ही उपस्थित रहा। जबकि प्राचार्य समेत करीब आधा दर्जन से अधिक शिक्षक बिना आवेदन के अनुपस्थित रहे। शिक्षकों के लगातार अनुपस्थित रहने की शिकायत बच्चों से पालकों को मिल रही थी। जिसके बाद जनप्रतिनिधियों ने औचक निरीक्षण कर शिक्षकों की लापरवाही को पकड़ा। मौके पर बच्चों ने बताया कि रोटेशन चार्ट के हिसाब से वे रोजाना स्कूल पहुंच रहे हैं। लेकिन पूरे शिक्षक कभी स्कूल नहीं आते।
मुख्यालय में नहीं रहते स्टाफ
शासन के मापदंड में सभी स्टाफ को संबंधित मुख्यालयों में ही रहना है। किंतु अधिकतर स्टॉफ राजनांदगांव, दुर्ग, भिलाई व अन्य शहरों से आना-जाना कर रहे हैं। कोरोना के चलते स्कूल साल भर स्कूलें बंद रहे और ऑनलाइन के नाम पर पढ़ाई प्रभावित रही लेकिन अब वैक्सीनेशन के बाद स्थिति में सुधार आया है। ऑफलाइन क्लास लगाने की अनुमति मिल गई है। लेकिन शिक्षक ही ड्यूटी में बिना आवेदन के नदारद रह रहे है। सरपंच जसबीर सिंह चौहान व शाला विकास समिति के अध्यक्ष लालचंद साहू ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात कही।
मैं जांच करवाता हूं: बीईओ
बीईओ एफआर कोसरिया ने बताया कि अभी तक शिक्षकों के अनुपस्थिति की ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि बिना आवेदन के अनुपस्थित रह रहे हैं तो यह गलत है। मैं कल ही जांच करवाता हूं।
