राजनांदगांव : अब उपकोषालय से नहीं मिलेगा स्टाम्प स्ट्रांग रूम जिला कोषालय में होगा शिफ्ट ...
डोंगरगढ़ l तहसील के उपकोषालय में वर्षों से उपलब्ध स्टाम्प की सुविधा अब समाप्त होने जा रही है। जानकार बताते है कि सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उपकोषालय में स्थित स्ट्रांग रूम को जिला कोषालय राजनांदगांव में स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद डोंगरगढ़ में स्टाम्प की उपलब्धता सीधे प्रभावित होने की संभावना है। उनकी माने तो डोंगरगढ़ तहसील के निर्माण के समय से ही उपकोषालय में स्टाम्प उपलब्ध होते रहे हैं। स्थानीय नागरिकों के लिए यह सुविधा महत्वपूर्ण रही है, क्योंकि जमीन, मकान, शपथपत्र, अनुबंध सहित विभिन्न कानूनी एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए स्टाम्प की आवश्यकता पड़ती है। अब स्ट्रांग रूम स्थानांतरित होने के बाद स्टाम्प वेंडरों को स्टाम्प प्राप्त करने के लिए जिला कोषालय राजनांदगांव जाना पड़ेगा।
सुविधा होगी प्रभावित: स्ट्रांग रूम को जिला कोषालय में स्थानांतरित करने के पीछे सुरक्षा व्यवस्था को प्रमुख कारण बताया जा रहा है। वही पूरे मामले में बुद्धिजीवियों कि माने तो, प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा को लेकर उठाए गए कदम अपनी जगह महत्वपूर्ण हैं, लेकिन इसके साथ ही डोंगरगढ़ जैसे तहसील मुख्यालय में आम नागरिकों को स्टाम्प की सुविधा स्थानीय स्तर पर किस तरह उपलब्ध कराई जाएगी, यह भी महत्वपूर्ण सवाल है।
वेंडरों को होगी परेशानी, बढ़ेगा समय और खर्च स्टाम्प की उपलब्धता के लिए राजनांदगांव पर निर्भरता बढ़ने से स्थानीय स्टाम्प वेंडरों को अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी। इसका सीधा असर आम नागरिकों पर भी पड़ सकता है। जरूरी दस्तावेज तैयार कराने वाले लोगों को स्टाम्प की उपलब्धता के लिए इंतजार करना पड़ सकता है और अतिरिक्त समय एवं खर्च भी उठाना पड़ सकता है।
