राजनांदगांव : स्मार्ट मीटर : महंगे बिजली बिल और किसानों की समस्या उठा रही कांग्रेस…
डोंगरगांव/ छुरिया , जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुरिया ने अब संगठन को आंदोलन की दिशा में सक्रिय करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुरिया प्रभारी तथा जिला कांग्रेस कमेटी महामंत्री राजू सिंह राजपूत के नेतृत्व में कल्लू बंजारी, गैंदाटोला व चिचोला मंडल की बैठक हुई।
कांग्रेस नेताओं ने बढ़ती महंगाई, बढ़ते बिजली बिल, स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों तथा किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सरकार और विद्युत व्यवस्था पर सवाल उठाए। कहा कि आम आदमी पहले ही महंगाई की मार झेल रहा है और बिजली से जुड़े मुद्दों ने उसकी परेशानी और बढ़ा दी है। स्मार्ट मीटर से संबंधित उपभोक्ताओं की शिकायतों और कथित बिलिंग संबंधी समस्याओं पर चर्चा करते हुए कहा कि जनता की आशंकाओं को दूर किए बिना व्यवस्था लागू करना उचित नहीं है।
स्मार्ट मीटर को लेकर प्रदेश में कांग्रेस का विरोध पहले से जारी है और अलग-अलग जिलों में प्रदर्शन तथा शिकायत अभियान भी सामने आए हैं। बैठक में पूर्व विधायक छन्नी चंदू साहू, जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता प्रकाश शर्मा, चुम्मन साहू, राजकुमारी मनोज सिन्हा, जिला कमेटी एसटी सेल अध्यक्ष लादूराम तुमरेकी, जिला कमेटी सचिव कन्हैया कोले, सोशल मीडिया प्रभारी अमित अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष पुष्पा सिन्हा, एकनाथ सिन्हा,सरपंच रंगीटोला संगीता मंडावी, जोगी ठाकुर मौजूद थे।
