राजनांदगांव : 26 नए खरीदी केंद्रों में संसाधन जुटाने 1-1 लाख जारी…
राजनांदगांव , किसानों को धान बेचने लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। जिले में 26 नए खरीदी केंद्र खोलने के बाद वहां कम्युटर, प्रिंटर, फर्नीचर और अन्य संसाधन जुटाने जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक 1-1 लाख रुपए की राशि भी जारी की जा चुकी है। नए खरीदी केन्द्र बनने से किसानों को धान बेचने में आसानी होगी। इससे खरीदी केंद्रों पर पहुंचने में लगने वाला समय, परिवहन खर्च कम होगा, भीड़ से राहत मिलेगी। सभी 26 नए धान खरीदी केन्द्रों में धान को सुरक्षित रखने चबूतरा बनाया जाएगा।
नई व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा उन किसानों को होगा, जिन्हें मौजूदा खरीदी केंद्रों तक धान पहुंचाने कई किमी का सफर करना पड़ता है। गांव के आसपास खरीदी केंद्र खुलने से ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य साधनों से धान परिवहन का खर्च घटेगा। साथ ही खरीदी सीजन में पुराने केंद्रों पर बनने वाली कतार और दबाव कम करने में मदद मिलेगी। इससे खरीदी केन्द्रों के कर्मचारियों पर खरीदी और काम का बोझ कम होगा।
जिले में दूर-दराज के कुल 26 गांवों का चयन कर खरीदी केन्द्र खोले गए है। जिले में धर्मापुर, आरला, बुद्धुभरदा, बनहरदी, बोइरडीह, केसाल, बूचाटोला, मुढ़िया, कसारी, खुडमड़ी, घुपसाल, भानपुरी, कनेरी, झंडातालाव, मचानपार, हरदी, बम्हनीभांठा, मोहड़, आसरा, पीपरखार कला, पिपरिया, कुर्रूभांठा, मासूल, चंवरढाल, नवागांव में खरीदी केन्द्र खुले हैं।
