CG : जमशेदपुर गोलीकांड: 4 संदिग्ध शूटर अंबिकापुर में गिरफ्तार …
अंबिकापुर। झारखंड के जमशेदपुर में हुए गोलीकांड के बाद फरार चल रहे चार संदिग्ध शूटरों को अंबिकापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार से झारखंड से निकलकर छत्तीसगढ़ की ओर भागे थे। झारखंड पुलिस से मिली सूचना के बाद छत्तीसगढ़ और ओडिशा में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान अंबिकापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली। जानकारी के मुताबिक, मणिपुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक आर्टिगा कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। कार में मौजूद चारों लोगों की पहचान संदिग्धों के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल चारों को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन चारों आरोपियों का संबंध जमशेदपुर गोलीकांड से हो सकता है। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी इसी कार से फरार हुए थे और झारखंड से निकलकर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे थे।
जमशेदपुर में तीन लोगों को मारी गई थी गोली बताया जा रहा है कि जमशेदपुर में चारों आरोपियों ने तीन लोगों पर गोली चलाई थी। इस हमले में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी। झारखंड पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी छत्तीसगढ़ की दिशा में भाग सकते हैं। इसके बाद झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा पुलिस के बीच समन्वय बनाकर वाहनों की निगरानी शुरू की गई। सभी प्रमुख मार्गों पर जांच बढ़ा दी गई थी।
झारखंड पुलिस पहुंची अंबिकापुर चारों संदिग्धों की गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद झारखंड पुलिस की टीम अंबिकापुर पहुंच गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की नियमानुसार मेडिकल जांच कराई जाएगी। इसके बाद उन्हें झारखंड पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गोलीकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना की योजना कैसे बनाई गई थी और इसमें अन्य लोगों की कोई भूमिका है या नहीं।
राज्यों के बीच तालमेल से मिली सफलता इस कार्रवाई में छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा पुलिस के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिला। सूचना के आधार पर की गई नाकेबंदी और वाहन जांच के चलते आरोपी पुलिस की पकड़ में आ गए। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
