भिलाई। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में कथित फर्जी मतदान का मामला सामने आया है। भिलाई के सरकारी आईटीआई में फर्जी मतदाता पहचान पत्र तैयार कर ऑनलाइन वोट डलवाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की गई है। भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र से प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अर्जुन शर्मा ने सेक्टर-10 निवासी अनिल सिंह और उनके सहयोगियों पर वोट मैनेज कराने का आरोप लगाया है। सरकार अर्जुन शर्मा ने इस संबंध में खुर्सीपार थाने में शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि ऑनलाइन मतदान प्रक्रिया के दौरान फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर वोट डलवाए गए।
मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में खुर्सीपार स्थित सरकारी आईटीआई में युवाओं से ऑनलाइन वोटिंग कराने का दावा किया गया है। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शिकायत में वर्चुअल नंबर और ओटीपी के जरिए फर्जी मतदान कराने के आरोप भी लगाए गए हैं। इसके अलावा कुछ शिकायतों में तस्वीरों के आधार पर एआई तकनीक की मदद से वीडियो तैयार कर चुनावी एप पर अपलोड करने का दावा किया गया है।
भिलाई के अलावा दुर्ग ग्रामीण और बिलासपुर सहित अन्य जिलों से भी मतदान के अंतिम दिनों में कथित फर्जी वोटिंग की शिकायतें सामने आई हैं। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस की ऑनलाइन वोटिंग 29 सितंबर को समाप्त हो चुकी है और अब स्क्रूटनी की प्रक्रिया चल रही है। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार स्क्रूटनी के दौरान संदिग्ध वोटों की जांच की जाएगी। जांच में जो वोट फर्जी पाए जाएंगे, उन्हें निरस्त किया जा सकता है। युवा कांग्रेस चुनाव के दौरान दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में पहले भी विवाद सामने आए हैं। सितंबर की शुरुआत में खुर्सीपार में प्रचार के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। भिलाई नगर विधानसभा अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रोबिन सिंह के प्रचार में पहुंचीं कांग्रेस पार्षद सुभद्रा सिंह और उनके बेटे रोहन सिंह की दूसरे पक्ष के प्रत्याशी अर्जुन शर्मा के भाई शुभम शर्मा से बहस हो गई थी। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। अब कथित फर्जी वोटिंग की शिकायत सामने आने के बाद युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर एक बार फिर विवाद बढ़ गया है। फिलहाल पुलिस में शिकायत दी गई है और मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर होगी।