सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर आमगांव में विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित ...
ग्रामीणों को गांव में ही जांच और उपचार की सुविधा
300 ग्रामीणों को मिला स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श का लाभ

रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विकासखंड सूरजपुर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर आमगांव में विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमगांव एवं आसपास के गांवों से पहुंचे लगभग 300 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवा वितरण का लाभ लिया। गांव में ही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से विशेष रूप से महिलाओं और वृद्धजनों को सुविधा मिली।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की जांच की गई। सेक्टर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं सुपरवाइज़र के नेतृत्व में मरीजों के पंजीयन, जांच और परामर्श की व्यवस्था की गई ताकि ग्रामीणों को सुविधाजनक ढंग से सेवाओं का लाभ मिल सके।
शिविर में रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया एवं कुपोषण की जांच के साथ मुख, स्तन और गर्भाशय संबंधी कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। सर्दी, खांसी और बुखार जैसी मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर उपचार दिया गया। महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया। टीबी के संदिग्ध मरीजों को आगे की जांच एवं आवश्यक नमूना परीक्षण के लिए रेफर किया गया। कुष्ठ रोग की जांच के दौरान चिन्हित संदिग्ध मरीजों को जिला अस्पताल सूरजपुर भेजा गया। नेत्र परीक्षण में मोतियाबिंद से प्रभावित पाए गए मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन एवं आगे के उपचार के लिए संबंधित उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ ग्रामीणों को शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष व्यवस्था की गई। पात्र हितग्राहियों के आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर आयुष्मान कार्ड बनाया गया। साथ ही 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वृद्धजनों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड की जानकारी देकर ई-केवाईसी के माध्यम से कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड के उपयोग और उपचार प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों के संबंध में भी जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि जन औषधि केंद्रों पर किफायती दरों पर जेनरिक दवाइयां उपलब्ध होती हैं। शिविर में चिकित्सकों के परामर्श के अनुसार मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं तथा उन्हें दवाइयों के नियमित सेवन एवं आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी साझा की गयी।
