राजनांदगांव : पाताल भैरवी सिद्धपीठ में नवरात्र की तैयारी अंतिम चरण में…
राजनांदगांव , बर्फानी आश्रम स्थित मां पाताल भैरवी मंदिर शिव शक्ति सिद्धपीठ में शारदीय क्वांर नवरात्र की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 11 से 19 अक्टूबर तक यहां नौ दिनों तक हवन, पूजन, आरती और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। समिति के साथ श्रद्धालु भी मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित करेंगे। संस्था के सचिव गणेश प्रसाद शर्मा ‘गन्नू’ ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन 11 अक्टूबर को दोपहर 11.36 से 12.24 बजे के बीच गौरी-गणेश, नवग्रह एवं गुरु पूजन के बाद माई ज्योत और गुरु ज्योत प्रज्ज्वलित की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालुओं की मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
नवरात्र के दौरान प्रतिदिन मां पाताल भैरवी सहित अन्य देवी-देवताओं की विधि-विधान से पूजा, आरती और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। 15 अक्टूबर को पंचमी के अवसर पर विशेष शृंगार किया जाएगा। महाअष्टमी के अवसर पर 18 अक्टूबर को शाम 6 बजे श्रीयंत्र रूपी यज्ञशाला में हवन होगा। 19 अक्टूबर को नवमी के दिन सुबह कुंवारी कन्या भोजन, महाआरती और ज्योति कलश विसर्जन किया जाएगा।
25 अक्टूबर को बांटेंगे जड़ी-बूटी युक्त खीर: शरद पूर्णिमा पर 25 अक्टूबर की रात संस्था की ओर से स्वांस, दमा और अस्थमा पीड़ितों को जड़ी-बूटी युक्त खीर प्रसाद का निशुल्क वितरण किया जाएगा। संस्था के अनुसार यह सेवा पिछले 27 वर्षों से अधिक समय से की जा रही है। आयोजन को लेकर बर्फानी सेवाश्रम समिति के अध्यक्ष राजेश मारु, उपाध्यक्ष दीपक जोशी, सचिव गणेश प्रसाद शर्मा ‘गन्नू’, कोषाध्यक्ष नीलम जैन, महंत गोविंद दास सहित समिति के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं।
