राजनांदगांव , स्टेट स्कूल मैदान में खेली गई जिला स्तरीय आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। निर्धारित समय तक फ्रैंक ब्रदर्स राजनांदगांव और एनएफसी डोंगरगढ़ की टीमें गोल के लिए जूझती रहीं, लेकिन मजबूत डिफेंस और गोलकीपिंग के कारण कोई टीम खाता नहीं खोल सकी। 90 मिनट का खेल 0-0 से बराबर रहने के बाद टाई-ब्रेकर में फ्रैंक ब्रदर्स ने 4-2 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। पूरे मुकाबले में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया और गोल के कई मौके बनाए।
फ्रैंक ब्रदर्स के खिलाड़ियों ने एनएफसी डोंगरगढ़ के डिफेंस पर दबाव बनाने की कोशिश की। वहीं डोंगरगढ़ की टीम ने भी जवाबी हमलों से मौके बनाए। हालांकि गोलकीपर और रक्षापंक्ति ने शानदार बचाव करते हुए निर्धारित समय तक स्कोर को बराबर रखा। फाइनल से पहले दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में पेनल्टी शूटआउट के जरिए जीत हासिल की थी। पहले सेमीफाइनल में एनएफसी डोंगरगढ़ ने राजनांदगांव जूनियर बॉयज को 3-1 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में फ्रैंक ब्रदर्स राजनांदगांव ने डोंगरगांव को 5-3 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
स्पर्धा से खिलाड़ियों को मिला बेहतर अवसर प्रतियोगिता जिले की सीनियर फुटबॉल टीम के लिए खिलाड़ियों के चयन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रही। जिले के विभिन्न क्षेत्रों की टीमों ने हिस्सा लिया और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। महापौर मधुसूदन यादव एवं एबीस ग्रुप के अंजुम अल्वी ने विजेता फ्रैंक ब्रदर्स को पुरस्कार प्रदान किया। विजेता टीम को 15 हजार नकद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता एनएफसी डोंगरगढ़ को 10 हजार रुपए नकद और ट्रॉफी दी गई। आयोजकों ने कहा ऐसी स्पर्धा से स्थानीय खिलाड़ियों को मंच मिलता है।
