राजनांदगांव : हुनर के साथ भक्ति भी दिखी, अग्रसेन महोत्सव में प्रतिभागियों ने बांधा समां…
राजनांदगांव , अग्रसेन जयंती महोत्सव में सामाजिक एकजुटता के साथ बच्चों, महिलाओं और युवाओं की प्रतिभाओं को मंच मिल रहा है। अग्रसेन भवन में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने रचनात्मकता, ज्ञान और मनोरंजन का प्रदर्शन किया। ओरिगामी और वेस्ट से बेस्ट जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताओं से लेकर गीता श्लोक, रामायण प्रश्नावली और ब्लाइंड मेकअप में उत्साह नजर आया। ‘गीता के ज्ञान से सफलता की ओर’ विषय पर मोटिवेशनल स्पीकर गगन लड्डा ने करीब दो घंटे का कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
अखिल भारतीय युवा अग्रवाल सम्मेलन की ओर से मधुसूदन अग्रवाल एवं सत्यनारायण अग्रवाल की स्मृति में ओमप्रकाश अग्रवाल के प्रायोजन से आयोजित कार्यक्रम में गगन लड्डा ने जीवन में सफलता पाने गीता के ज्ञान, व्यवहारिक पक्षों को लेकर बात रखी। कार्यक्रम को समाजजनों ने सराहा। रायपुर के इस्कॉन मंदिर की टीम ने करीब आधे घंटे तक भजन प्रस्तुति दी। भजनों के दौरान अग्रवाल समाज के लोग भक्तिमय माहौल में नजर आए। भजन मंडली की श्रोताओं ने सराहना की। अग्रवाल सभा के सह-सचिव संजय लोहिया एवं मनीष अग्रवाल ने बताया आगामी दिनों में भी विभिन्न कार्यक्रम जारी रहेंगे। इसका 11 को मुख्य समारोह के साथ समापन होगा।
प्रतियोगिताओं में बच्चों व महिलाओं में उत्साह दिखा अग्रवाल महिला मंडल की सह-सचिव स्वाती राहुल अग्रवाल, बुलबुल राम अग्रवाल ने बताया प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह से हिस्सा लिया। ओरिगामी में आशी आयुष अग्रवाल प्रथम रहीं। वेस्ट से बेस्ट में भूमिका दिनेश जिंदल ने पहला और आरव दिनेश जिंदल ने दूसरा स्थान हासिल किया। गीता श्लोक में आदित्य सुनील अग्रवाल प्रथम और आन्या अंकित अग्रवाल द्वितीय रहीं। रामायण प्रश्नावली में आन्या अंकित अग्रवाल प्रथम और आदित्य सुनील अग्रवाल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
एक मिनट के गेम में शशि विजेता एक मिनट गेम में शशि राजेश खोकरिया विजेता रहीं, सुरभि प्रतियोगिता में राखी मनीष अग्रवाल ने बाजी मारी। अग्रवाल नवयुवक मंडल के सह-सचिव अभिनव अग्रवाल एवं कार्तिक अग्रवाल ने बताया कि ब्लाइंड मेकअप प्रतियोगिता में छवि मनोज अग्रवाल एवं रजनी संजय अग्रवाल की जोड़ी प्रथम रही। दिशा आयुष अग्रवाल एवं प्रियांशी राकेश अग्रवाल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। अग्रवाल सभा के पदाधिकारियों ने विजेताओं और सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। सभी ने एक-दूसरे को सपोर्ट किया।
