राजनांदगांव : कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की - हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा अभियान के तहत जिले में लगाए जाएंगे 10 लाख मुनगा पौधे
– क्वांर नवरात्रि मेले की सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
– धान खरीदी से पहले सोसायटियों में स्वीकृत चबूतरों का निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
– पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जिले में 6 हजार 787 हितग्राही लाभान्वित
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र हितग्राहियों तक समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने लंबित आवेदनों एवं प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण और समय-सीमा में निराकरण कर आवेदकों को राहत पहुंचाने कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा पौधरोपण अभियान के अंतर्गत जिले में 10 लाख मुनगा पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अभियान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं स्कूलों के आसपास मुनगा पौधरोपण करने कहा, जिससे बच्चों को इसके पोषण संबंधी लाभ मिल सके। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्राप्त आवेदनों पर संबंधित बैंक प्रोसेसिंग के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को इच्छुक आवेदकों के मीटर में नाम परिवर्तन सहित आवश्यक दस्तावेजों को अपडेट कराने तथा लंबित प्रक्रियाओं का शीघ्र निराकरण करने कहा, जिससे पात्र आवेदकों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
कलेक्टर ने डोंगरगढ़ में आयोजित होने वाले आगामी क्वांर नवरात्रि मेले की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने पदयात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पदयात्री मार्गों की समुचित साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा सेवा पंडालों में स्वास्थ्य टीम की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्रेडा विभाग को पदयात्री मार्गों पर लगी सभी सोलर लाइटों की जांच कर उन्हें चालू करने कहा, जिससे रात्रि के समय पदयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर ने नवरात्रि पर्व के दौरान खाद्य दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य सामग्री में मिलावट अथवा एक्सपायरी तिथि की सामग्री पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरूद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने वीबी जी राम जी योजना के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कार्यों के लिए सही प्राक्कलन तैयार किया जाए तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने धान खरीदी सोसायटीयों में चबूतरा निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई है, वहां निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने शेष पात्र किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के लिए कृषि, उद्यानिकी एवं मत्स्य विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के दिए निर्देश –
कलेक्टर ने नागरिकों को प्राकृतिक एवं स्वच्छ सौर ऊर्जा के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रति जागरूकता लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बिजली की आवश्यकता को पूरा करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जिले में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए अब तक 14 हजार 102 लोगों ने आवेदन किया है। सभी आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए योजना के अंतर्गत लाभान्वित करने के निर्देश दिए। जिले में 6 हजार 787 हितग्राही योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। कलेक्टर ने जिले में संचालित उद्योगों एवं राइस मिलर्स में सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित करने कहा। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों की हाउसिंग सोसायटियों में शिविर आयोजित कर सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों में प्राकृतिक एवं स्वच्छ सौर ऊर्जा तथा पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रति व्यापक जागरूकता लाने के निर्देश दिए।
सीईओ जिला पंचायत दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने सीएम जनदर्शन, सीएम हेल्पलाईन, पीजी पोर्टल एवं कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
