Durg : एमआई चौक में नाली निर्माण,महापौर सख्त, पुरानी नालियों के निकासी स्तर के अनुरूप निर्माण सुधारने के निर्देश, ...
-छोटी नाली से उचित मिलान के लिए निर्माणाधीन नाली को एक फीट गहरा करने के निर्देश, सही ढलान और लेवल पर होगा निर्माण
-पुष्पक नगर में सीमेंटीकरण सड़क का निरीक्षण, गुणवत्ता और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश,
दुर्ग/(मनीष त्रिपाठी पत्रकार) नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर अलका बाघमार ने लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर व ठेकेदार के साथ आज एमआई चौक, वार्ड क्रमांक 25 में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में नाली के स्तर और पानी की निकासी से संबंधित खामी को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए।
-एमआई चौक में नाली निर्माण के स्तर में सुधार के निर्देश,
एमआई चौक क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी द्वारा अग्रेसन चौक रोड पर नाली निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान महापौर अलका बाघमार ने पाया कि वार्ड क्रमांक 25 के क्षेत्र से पुरानी नालियों के माध्यम से आने वाले पानी की निकासी को ध्यान में रखकर निर्माण कार्य के स्तर में सुधार किया जाना आवश्यक है। निर्माणाधीन बड़ी नाली का स्तर इस प्रकार बनाया गया था कि क्षेत्र की पुरानी नालियों से आने वाले पानी की निकासी प्रभावित होने की आशंका थी।
स्थिति का जायजा लेते हुए महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वार्ड क्षेत्र से आने वाली दोनों नालियों को नई निर्माणाधीन नाली के उचित स्तर से जोड़ा जाए, ताकि पानी का बहाव बाधित न हो और निकासी सुचारु बनी रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्देशित किया कि आवश्यकता के अनुसार निर्माणाधीन नाली के स्तर को सुधारते हुए इसे पुरानी नाली के निकासी स्तर के अनुरूप बनाया जाए। इसके लिए नाली को आवश्यकतानुसार लगभग एक फीट गहरा कर उचित ढलान और लेवल के साथ निर्माण करने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।
महापौर ने कहा कि नाली निर्माण का उद्देश्य केवल नई संरचना तैयार करना नहीं, बल्कि क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना है। इसलिए निर्माण कार्य में तकनीकी पहलुओं, उचित ढलान और पानी के प्राकृतिक बहाव का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने ठेकेदार को निर्देश दिए कि नाली के स्तर में आवश्यक सुधार करते हुए निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाए, ताकि पुरानी नालियों से आने वाले पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही से नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
-पुष्पक नगर में सीमेंटीकरण सड़क निर्माण का निरीक्षण,
इसके पश्चात महापौर अलका बाघमार ने वार्ड क्रमांक 60 स्थित पुष्पक नगर में सीमेंटीकरण सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का जायजा लेते हुए कार्य की गुणवत्ता, निर्माण की प्रगति और निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप और व्यवस्थित तरीके से कराया जाए, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ रहे और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल सके। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति पर निगरानी रखने तथा कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने पर भी जोर दिया।
महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। सड़क और नाली जैसे मूलभूत निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ-साथ नागरिकों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं।निरीक्षण के दौरान लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, पार्षद ललिता ठाकुर, मनोज सोनी,निखिल खिचरिया,सहायक अभियंता सुरेश केवलानी करण यादव, उप अभियंता अपर्णा मिश्रा,पंकज साहू उपस्थित रहे।जन संपर्क/राजू बक्शी
