CG : भिलाई में मासूम छात्र की आत्महत्या से सनसनी, कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस…
दुर्ग-भिलाई , भिलाई के कुरूद इलाके में 5वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र मनीष देवांगन ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि परिजन उसे बड़े पिता के अस्थि विसर्जन में नहीं ले गए थे। हालांकि, छात्र के खुदकुशी करने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना जामुल थाना क्षेत्र के नवीन चौक के पास की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार मनीष पांचवीं कक्षा का छात्र था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले परिवार में बड़े पिता के अस्थि विसर्जन के लिए जाने को लेकर बात हुई थी। इस दौरान छात्र को वहां जाने से मना कर दिया गया था।
अब इस घटना को खुदकुशी से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जामुल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना से पहले छात्र किन परिस्थितियों से गुजर रहा था और क्या वह किसी बात को लेकर परेशान था। फिलहाल पुलिस ने खुदकुशी के पीछे किसी वजह की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।
