CG : बिटिया @Work के तहत स्कूली छात्राओं ने समझा सखी वन स्टॉप सेंटर का कामकाज...
सूरजपुर । महिला सशक्तिकरण केंद्र महिला एवं बाल विकास विभाग जिला सूरजपुर द्वारा भारत सरकार की ’बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभम बंसल के मार्गदर्शन में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवापारा की छात्राओं को सखी वन स्टॉप सेंटर, सूरजपुर का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान छात्राओं को सेंटर की संरचना, कार्यप्रणाली, समाज में उसकी भूमिका और पीड़ित महिलाओं को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
साथ ही मिशन शक्ति अंतर्गत संचालित योजनाओं – बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, घरेलू हिंसा अधिनियम, महिला कोष, ’महिला हेल्प लाइन 181, चाइल्ड हेल्प लाइन 1098,आत्मरक्षा एवं साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई।
इस दौरान बालिकाओं को शासकीय सेवाओं में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, विभिन्न पदों की कार्यप्रकृति तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में प्रशासनिक संस्थाओं की भूमिका के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं को अपने भविष्य के प्रति लक्ष्याभिमुख होने, स्वावलंबन की दिशा में अग्रसर होने तथा विभिन्न व्यावसायिक एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु प्रेरित किया गया। बिटिया @Work अभियान बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की दक्षता एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल है।
