CG : रायपुर से निकली राष्ट्रीय बाइक रैली, DGP अरुण देव गौतम ने दिखाई हरी झंडी …
रायपुर : राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के अवसर पर देशभर में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित ‘राष्ट्रीय मोटर साइकिल रैली-2026’ को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से अगले गंतव्य के लिए रवाना किया गया। 18 अक्टूबर को पुलिस परेड ग्राउंड रायपुर में आयोजित भव्य फ्लैग ऑफ सेरेमनी में छत्तीसगढ़ पुलिस के महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई। केंद्रीय गृह मंत्रालय की और से आयोजित यह राष्ट्रव्यापी अभियान ‘FIGHT AGAINST DRUGS’ यानी नशे के खिलाफ लड़ाई की थीम पर निकाला जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संदेश देना है।
28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों को जोड़ रही राष्ट्रीय बाइक रैली भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में इस विशेष मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है। 14 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ हुई यह राष्ट्रव्यापी रैली विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) पहुंचेगी, जहां इसका भव्य समापन प्रस्तावित है। आयोजकों के अनुसार, रैली के निर्धारित मार्ग की दूरी 2,245 किलोमीटर है। देशव्यापी आयोजन को चार प्रमुख जोनों, उत्तर, मध्य, दक्षिण और उत्तर-पूर्व में विभाजित किया गया है। इसमें विभिन्न राज्यों की पुलिस, केंद्रीय अर्धसैनिक बल और केंद्रीय पुलिस संगठनों के जवान सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। अभियान के माध्यम से नशामुक्त भारत और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
रायपुर पहुंचने पर बाइक रैली का हुआ भव्य स्वागत राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली के मध्य जोन में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश सहित छह राज्य शामिल हैं। ओडिशा के भुवनेश्वर से निकली बाइक रैली महासमुंद के रास्ते 16 अक्टूबर को रायपुर पहुंची थी। राजधानी के तेलीबांधा स्थित मरीन ड्राइव में छत्तीसगढ़ पुलिस, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इसके बाद 17 अक्टूबर को ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस की बाइक रैली टीमों के सम्मान में विशेष अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नशे के खिलाफ सामूहिक जागरूकता अभियान चलाने और युवाओं को नशे से दूर रखने का संकल्प दोहराया गया।
पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित हुई फ्लैग ऑफ सेरेमनी 18 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में फ्लैग ऑफ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम शामिल हुए। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।इस अवसर पर रायपुर पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला, चौथी बटालियन के कमांडेंट सूरज सिंह परिहार, रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला, डीसीपी पश्चिम रॉबिंसन गुरिया, डीसीपी मध्य तारकेश्वर पटेल, डीसीपी उत्तर दीपमाला कश्यप और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा सहित रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
नशे के खिलाफ जागरूकता जरूरी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली के उद्देश्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करना बेहद आवश्यक है। इस दिशा में बाइक रैली के माध्यम से विभिन्न राज्यों की पुलिस द्वारा किया जा रहा प्रयास महत्वपूर्ण है। डीजीपी ने अभियान में शामिल जवानों का उत्साह बढ़ाया और 31 अक्टूबर को एकता नगर में आयोजित होने वाले समापन समारोह के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता पर भी जोर दिया। आगामी तीन वर्षों में नशामुक्त भारत का लक्ष्य कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तवार्ता अमित कुमार ने नशामुक्त भारत के लक्ष्य पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आगामी तीन वर्षों को नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में भागीदारी की अपील की। रायपुर पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने भी राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम को आगामी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही युवा पीढ़ी को नशे की लत से दूर रहने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का संदेश दिया। बलौदाबाजार, बेमेतरा और कबीरधाम होते हुए मध्य प्रदेश पहुंचेगी रैली रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड से डीजीपी अरुण देव गौतम द्वारा हरी झंडी दिखाए जाने के बाद बाइक रैली अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 18 अक्टूबर को रैली रायपुर से बलौदाबाजार-भाटापारा और बेमेतरा होते हुए कबीरधाम पहुंचने वाली थी। इसके बाद रैली मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। वहां जबलपुर, भोपाल और इंदौर से गुजरते हुए आगे की यात्रा जारी रहेगी। अंततः विभिन्न राज्यों से पहुंचने वाली टीमें 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होंगी। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश लेकर आगे बढ़े बाइक सवार राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली का उद्देश्य केवल लंबी दूरी तय करना नहीं, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों में नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करना भी है। इसके माध्यम से युवाओं को नशे की लत से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया जा रहा है। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित इस अभियान के जरिए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक जागरूकता और नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूती देने का प्रयास किया जा रहा है। रायपुर से रवाना हुई यह रैली ‘नशे के विरुद्ध एकजुट भारत’ और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश लेकर अपने अगले गंतव्य की ओर बढ़ी।
