राजनांदगांव : कलेक्टर ने ग्राम सुंदरा में हितग्राही के घर स्थापित सोलर पैनल का किया अवलोकन
राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुंदरा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत हितग्राही पूर्णिमा निषाद के घर में स्थापित सोलर पैनल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राही से चर्चा कर योजना से मिल रहे लाभ एवं बिजली बिल में हो रही बचत की जानकारी ली। पूर्णिमा निषाद ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया है। सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन होने के कारण उन्हें बिजली बिल में राहत मिल रही है। उन्होंने योजना को परिवार के लिए आर्थिक रूप से लाभकारी बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित करने से न केवल बिजली बिल में बचत होती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक नागरिकों को इस जनहितकारी योजना से जोडऩे के लिए व्यापक जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना का प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र एवं इच्छुक नागरिकों को आवेदन एवं सोलर पैनल स्थापना की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत नागरिकों को अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित करने के लिए शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार अनुदान प्रदान किया जा रहा है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली बिल के खर्च में कमी लाने का अवसर मिल रहा है। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत दुर्गा प्रसाद अधिकारी उपस्थित थे।

