राजनांदगांव : 154 शहीदों को नमन, परिजनों को शॉल-श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित...
राजनांदगांव , देश की आंतरिक सुरक्षा और आम नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले 154 शहीद पुलिस जवानों को पुलिस स्मृति दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राजनांदगांव पुलिस की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को याद किया गया।
इस दौरान शहीद परिवारों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा और राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया। अधिकारियों ने शहीद परिवारों के प्रति सम्मान, संवेदना और कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में शहीद जवानों के साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का स्मरण किया गया। कहा गया कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का त्याग सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उनका बलिदान पुलिस बल के प्रत्येक जवान को कर्तव्यनिष्ठा, साहस और जनसेवा की प्रेरणा देता है।
