Durg :- महापौर अलका बाघमार की अध्यक्षता में एमआईसी की महत्वपूर्ण बैठक, शहर विकास के विभिन्न प्रस्तावों पर लगी मुहर,
मनीष त्रिपाठी पत्रकार
-प्रमुख सड़कों पर पोल और प्रकाश व्यवस्था के लिए 1.95 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजने पर चर्चा,
-डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापना एवं सौंदर्यीकरण सहित सड़क-नाला निर्माण के प्रस्तावों पर एमआईसी में हुआ विचार-विमर्श,
दुर्ग/नगर पालिक निगम। नगर पालिक निगम, दुर्ग की महापौर अलका बाघमार की अध्यक्षता एवं निगम आयुक्त लीना कोसम की उपस्थिति में गुरुवार को दोपहर 3 बजे डाटा सेंटर में मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास, निर्माण कार्यों, सड़क एवं नाला निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापना एवं सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विभागवार विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रस्तुत प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय एवं स्वीकृति की कार्यवाही की गई।
बैठक में महापौर अलका बाघमार द्वारा मंगाई गई सात बिंदुओं की जानकारी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रस्तुत की। महापौर ने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति एवं प्रस्तावों की जानकारी लेते हुए शहर में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
प्रमुख सड़कों पर पोल एवं प्रकाश व्यवस्था के लिए 1.95 करोड़ रुपये का प्रस्ताव,बैठक में विद्युत विभाग द्वारा निगम क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर पोल एवं प्रकाश व्यवस्था स्थापित करने के लिए 15वें वित्त आयोग मद के अंतर्गत 1 करोड़ 95 लाख 84 हजार 720 रुपये का प्राक्कलन प्रस्तुत किया गया। उक्त कार्य के लिए आवश्यक प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त करने हेतु शासन को प्रस्ताव प्रेषित करने के विषय पर चर्चा की गई।
-डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापना एवं सौंदर्यीकरण कार्य,
उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री की घोषणा के परिपालन में संचालनालय द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापना एवं सौंदर्यीकरण कार्य के लिए अधोसंरचना मद से 50 लाख रुपये की प्राविधिक स्वीकृति प्रदान की गई है। बैठक में इस कार्य के स्थल परिवर्तन के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। प्रस्ताव के अनुसार वार्ड क्रमांक 18 में पुलिस चौकी के सामने स्थित चौक के पास प्रतिमा स्थापना एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराया जाना प्रस्तावित है।
बैठक में वार्ड क्रमांक 52 स्थित बिम्लेश्वरी कॉलोनी में नाला निर्माण कार्य के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। 15वें वित्त आयोग के अनटाइड ग्रांट मद के अंतर्गत इस कार्य के लिए आर्या कंस्ट्रक्शन, दुर्ग को कार्यादेश जारी किया गया है। वार्ड पार्षद के पत्र के आधार पर प्रस्तावित 4×4 फीट के नाले के स्थान पर 2×2 फीट की नाली निर्माण की मांग रखी गई, जिस पर प्रस्ताव प्रस्तुत कर विचार किया गया।
इसी प्रकार 15वें वित्त आयोग के नॉन मिलियन प्लस सिटी अनटाइड ग्रांट मद के अंतर्गत गणपति विहार से मां कर्मा पीएमएवाई-एएचपी आवास तक सीसी अप्रोच रोड निर्माण तथा बोरसी बस्ती से गणपति विहार तक सीसी अप्रोच रोड निर्माण कार्य के स्थल परिवर्तन के प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। इन कार्यों के प्रस्तावित स्थल वार्ड क्रमांक 53 से वार्ड क्रमांक 52 में परिवर्तित किए जाने के संबंध में विचार किया गया।इसके अतिरिक्त 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत नॉन मिलियन प्लस सिटीज के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन मद में वर्ष 2025-26 तक आवंटित राशि से संबंधित विषय भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहा।
बैठक में एमआईसी सदस्य देव नारायण चन्द्राकर,नरेंद्र बंजारे,शेखर चन्द्राकर,लीना दिनेश देवांगन,ज्ञानेश्वर ताम्रकर, काशीराम कोसरे, नीलेश अग्रवाल, मनीष साहू, लीलाधर पाल, शिव नायक, शशि साहू एवं हर्षिका संभव जैन सहित कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा,मोहम्मद सलीम सिद्दीकी,प्रकाश चंद थवानी, सहायक अभियंता संजय ठाकुर,पंकज साहू, दुर्गेश गुप्ता,रेवाराम मनु तथा निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।जन संपर्क/राजू बक्शी




