मोहला : दल्ली राजहरा में 23, 24 व 25 अक्टूबर को आयोजित राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में मोहला के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के लगभग 200 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोहला की टीम को बेस्ट टीम का अवार्ड प्रदान किया।
प्रतियोगिता में मोहला के छह खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें अजय यादव ने 83 किलोग्राम भार वर्ग, हिरेंद्र साहू ने 66 किलोग्राम भार वर्ग, दिव्यांश शाह ने 59 किलोग्राम भार वर्ग तथा यामिनी कोरेटी ने 66 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं संदीप मांझी ने 53 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक तथा रोशन उसेंडी ने 66 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में रायपुर, भिलाई, राजनांदगांव, अंबागढ़ चौकी, मोहला, बस्तर, नारायणपुर, खैरागढ़, जयपुर, अंबिकापुर, बालोद, धमतरी, मुंगेली व बेमेतरा सहित विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मोहला की टीम के मैनेजर नागेश पुरामे थे।
मेहनत, लगन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ें प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों ने मंगलवार को जिला कार्यालय में कलेक्टर तनुजा सलाम से मुलाकात की। खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह मेहनत, लगन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित की।
