राजनांदगांव : जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन 2 नवंबर को
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में होगा जिला स्तरीय आयोजन
राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्योत्सव 2026 के उपलक्ष्य में 2 नवंबर 2026 को पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम गौरव पथ राजनांदगांव में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन शाम 6 बजे से होगा। राज्योत्सव में स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद श्री संतोष पाण्डेय द्वारा की जाएगी। राज्योत्सव में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक डोंगरगांव श्री दलेश्वर साहू, विधायक खुज्जी श्री भोलाराम साहू, विधायक डोंगरगढ़ श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल, महापौर श्री मधुसूदन यादव, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल श्री नीलू शर्मा, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल श्री योगेश दत्त मिश्रा, अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती किरण वैष्णव, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्री किरण साहू, अध्यक्ष जनपद पंचायत राजनांदगांव श्रीमती प्रतिमा चन्द्राकर, समाज सेवी श्री कोमल सिंह राजपूत उपस्थित रहेंगे।
राज्योत्सव में विभिन्न विभाग की विभागीय महत्वपूर्ण योजनाओं एवं सफल योजनाओं की प्रदर्शनी का आयोजन पूर्वान्ह 11 बजे से होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन शाम 5 बजे से किया जाएगा। मुख्य अतिथि का आगमन एवं विभागीय विकास प्रदर्शनी का अवलोकन एवं विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को सामग्री वितरण शाम 6 बजे से शाम 6.30 बजे तक किया जाएगा। मुख्य अतिथि का मंच पर आगमन एवं दीप प्रज्वलन शाम 6.30 बजे से शाम 6.45 बजे तक होगा। अतिथियों का स्वागत एवं उद्बोधन शाम 6.45 बजे से शाम 7.30 बजे तक होगा। लोककला एवं संगीत कलाकार श्री निलेश जोगी द्वारा शाम 7.30 बजे से रात्रि 10 बजे तक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
