राजनांदगांव। राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा रविवार को शहर के 16 केंद्र में प्रारंभिक परीक्षा हुई। परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों में काफी उत्साह दिखा। परीक्षा दो पालियों में हुई। पहली पाली सुबह 10 बजे से शुरू हुई। जिसमें सामान्य अध्ययन के प्रश्न पूछे गए। सामान्य अध्ययन के प्रश्नों ने भावी अफसरों को पूरी तरह से उलझा कर रख दिया। ज्यादातर प्रश्न कूट में पूछे गए थे, जिसके चलते परीक्षार्थियों को हल करने में काफी परेशान होना पड़ा। लेकिन छत्तीगढ़ के प्रश्नों ने परीक्षार्थियों को काफी राहत दी। छग के सामान्य ज्ञान से काफी सरल प्रश्न पूछे गए थे, जिसे हल करने में परीक्षार्थियों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
परीक्षा में छग के तीज त्योहार, जनजाति, राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य व अन्य क्षेत्रों से प्रश्न पूछे गए। परीक्षार्थियों को भारतीय इतिहास व संविधान के प्रश्नों ने ज्यादा हलाकान किया। परीक्षा परीक्षा में कोविशील्ड वैक्सीन के प्रत्येक डोज की मात्रा कितनी है पूछा गया था। राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा के लिए कुल 6535 परीक्षार्थी ने आवेदन किया था। प्रथम पाली में जिनमें से 5307 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। वहीं 1228 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 5238 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तथा 1297 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
गणित-हिंदी ने दी राहत
दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शुरू हुई। जिसमें गणित, छत्तीसगढ़ी भाषा व तर्क शक्ति से प्रश्न पूछे गए थे। पहले पेपर की अपेक्षा दूसरा पेपर काफी सरल था। गणित-हिंदी के सरल प्रश्नों ने परीक्षार्थियों की चयन की उम्मीद को दोगुनी कर दी। प्रश्नों को हल करने में परीक्षार्थियों को ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ा। परीक्षार्थी आसानी से प्रश्नों को हल किया। परीक्षा में योजना, त्योहार, जनजाति, नदियों से भी काफी प्रश्न पूछे गए थे। अधिकतर प्रश्न कूट में होने के कारण परीक्षार्थियों को हल करने में थोड़ी दिक्कत हुई।
सामान्य अध्ययन के प्रश्न काफी कठिन थे। प्रश्नों को हल करने में काफी परेशान होना पड़ेगा। छत्तीसगढ़ सामान्य ज्ञान व भाषा के प्रश्न काफी सरल थे, जिसे हल करने में ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ा। ज्यादातर प्रश्न कूट में होने के कारण हल करने में परेशानी हुई।
श्ववेता हीरवानी, परीक्षार्थी
परीक्षा में हिंदी, गणित और छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रश्न काफी सरल थे। वहीं सामान्य अध्ययन के प्रश्नों को हल करने में परेशानी हुई। त्योहार व योजनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे गए थे, जो सरल थे।
