राजनांदगांव। नौ दिनों की हड़ताल के बाद राजस्व वभभाग के कामकाज को पटरी पर लाने प्रशासन ताकत झोंक रहा है। मंगलवार को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि राजस्व प्रकरणों का शिविर लगाकर शीघ्र निराकरण करें। सोमवार को् लगने वाले जनदर्शन के दौरान सीमांकन, बंटवारा एवं नामांतरण के प्रकरण नहीं आना चाहिए। समय-सीमा में सभी प्रकरणों का समाधान करें।
प्लाटिंग पर कड़ी कार्रवाई की जा रही
बैठक में कलेक्टर ने अवैध प्लाटिंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने कहा। उन्होंने कहा कि रेवाडीह, मोतीपुर, चिखली जैसे स्थानों में अवैध प्लाटिंग पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसे आगे भी जारी रखें तथा एफआईआर की कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि विस सत्र के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्यालय में रहेंगे तथा अवकाश पर नहीं रहेंगे।
पारदर्शिता से कार्य को महत्व दे
बैठक में लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी से कहा कि शिक्षकों की पदोन्नाति में पारदर्शिता से कार्य को महत्व दें। उन्होंने कहा कि पीएमजीएसवाई, पीडब्ल्यूडी, एडीबी, आरईएस, सेतु सहित सभी निर्माण एजेंसी अपने कार्यों में गति लाए। बारिश नहीं होने के कारण निर्माण कार्यों के लिए यह समय उपयुक्त है। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम, प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर विद्यालयों में शौचालयों की मरम्मत एवं साफ-सुथरा कराने की दिशा में कार्य करें। नदियों के किनारे वृक्षारोपण कराने तथा चारागाह के संबंध में जानकारी ली।
योजनाओं की ली गई जानकारी
अधिकारियों से कहा गया कि अधिक भूमि में पौधारोपण कराने की जरूरत है। सघन सुपोषण अभियान, मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण, नरवा योजना, गोधन न्याय योजना, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स के संबंध में जानकारी ली। जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर ने कहा कि गौठान मेला के लिए सभी जनपद सीईओ तैयारी रखे। सभी जनपदों में जहां माडल गौठान है वहां स्टॉल के साथ ही पशुपालन विभाग द्वारा टीकाकरण व राजस्व शिविर भी लगाएं।
श्रमिकों को ज्यादा से ज्यादा कार्य दें
बैठक में कलेक्टर कहा कि मनरेगा के तहत श्रमिकों को ज्यादा से ज्यादा कार्य देने की दिशा में कार्य करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. मिथलेश चौधरी ने बताया कि शिशु संरक्षण माह चार मार्च से आठ अप्रैल तक किया जाना है। इस दौरान सुबह नौ बजे से शाम चार बजे के बीच ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बच्चों को विटामिन ए, आईएफए का सिरप दिया जाना है। इसके साथ ही बच्चों का वजन लिया जाएगा तथा बच्चों की आयु के अनुरूप पोषण आहार की जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकंडेय, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर इंदिरा देवहारी, संयुक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय, एसडीएम अरूण वर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। सभी एसडीएम एवं विकासखंड अधिकारी वीडियों कांफ्रेसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
