रायपुर। दुर्ग जिला अस्पताल डाक्टरेट आफ नेशनल बोर्ड (डीएनबी) कोर्स के लिए मान्यता हासिल करने वाला छत्तीसगढ़ का पहला संस्थान बन गया है। डीएनबी द्वारा दुर्ग जिला अस्पताल को ईएनटी (नाक, कान, गला) और पीडियाट्रिक (शिशु रोग) के लिए डीएनबी कोर्स की मान्यता प्रदान की गई है। बता दें मेडिकल की दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स है, जिसे एमबीबीएस के बाद किया जाता है।
2026 तक मिली अनुमति
डीएनबी कोर्स की मान्यता प्राप्त होने के बाद अब दुर्ग जिला अस्पताल में हर साल ईएनटी और पीडियाट्रिक की दो-दो सीटों पर पात्र चिकित्सक कोर्स पूर्ण कर सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकेंगे। दुर्ग जिला अस्पताल में डीएनबी कोर्स की अनुमति जनवरी-2022 से दिसंबर-2026 तक के लिए दी गई है। इसके लिए अस्पताल में कार्यरत ईएनटी व पीडियाट्रिक विभाग के चिकित्सकों को फैकल्टी निर्धारित किया गया है।
प्रदेश में शिशु संरक्षण माह चार मार्च से
प्रदेश में चार मार्च से आठ अप्रैल तक शिशु संरक्षण माह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान नौ माह से पांच वर्ष तक के 26 लाख 40 हजार बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जाएगी। साथ ही प्रदेश भर के छह माह से पांच वर्ष तक के 28 लाख 30 हजार बच्चों को आयरन व फालिक एसिड सिरप भी वितरित की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सभी बच्चों तक पहुंचने में मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सहायिका महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके लिए लक्षित बच्चों की सूची तैयार कर ली गई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी माता-पिता से अपील की है कि वे अपने छह माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को सप्ताह में दो बार आयरन सिरप व नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को हर छह माह के अंतराल में विटामिन ए की खुराक अवश्य दिलाएं।
