रायपुर । संस्कृति विभाग के सौजन्य से छत्तीसगढ़ी ब्राह्मण समाज के तत्वाधान में आयोजित संत कवि पवन दीवान श्रद्धांजलि सभा एवं सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि डा. चरण दास महंत (अध्यक्ष छत्तीसगढ़ विधानसभा) की उपस्थिति एवं बृजमोहन अग्रवाल विधायक एवं पूर्व मंत्री की अध्यक्षता में हुआ।
राज्य के निर्माण में दिया योगदान
संत कवि पवन दीवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए डा चरणदास महंत ने कहा कि संत कवि पवन दीवान छत्तीसगढ़िओं के लिए भगवान स्वरूप हैं, क्योंकि सरल और सहज व्यक्तित्व के धनी संत पवन दीवान ने छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया। उनकी पीड़ा थी, कि छत्तीसगढ़ में एक कमी है स्वाभिमान की, मुझसे सही नहीं जाती ऐसी चुप्पी वर्तमान की और आज भी ये चुप्पी कायम है।
बनेगी आदमकद प्रतिमा
पवन दीवान को सच्ची श्रद्धांजलि देना चाहते हैं तो उनके आदर्शों पर चलकर और निर्भय होकर चुप्पी तोड़कर छत्तीसगढ़ का निर्माण करें। संत कवि पवन दीवान को आने वाली पीढ़ी के लिए स्थाई स्मृति बनाए रखने के लिए उनकी आदमकद प्रतिमा के निर्माण के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। साथ ही पवन दीवान की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा एवं सम्मान समारोह का स्तर राज्य या राष्ट्रीय तक विस्तार करने की आवश्यकता है। क्योंकि राष्ट्र में छत्तीसगढ़ की पहचान दिलाने वाले संत कवि पवन दीवान ही थे।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, नई पीढ़ी को कर सकते हैं प्रेरित
इस अवसर पर इस अवसर पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए अलख जगाने वाले पवन दीवान ही थे ।जिन्होंने बैलगाड़ी में पूरे छत्तीसगढ़ का भ्रमण किया । उनके सहज एवं सरल व्यक्तित्व का ही जादू था कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के लिए छत्तीसगढ़िया एकजुट हुए। आने वाले पीढ़ी को उनके जीवन के बारे में बता कर समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।
कवि नवदीप सूरदीप और डाक्टर सत्यभामा को सम्मानित किया गया
इस अवसर पर पूर्व चुनाव आयुक्त सुशील त्रिवेदी, वन बल प्रमुख राकेश चतुर्वेदी, एजाज ढेबर (महापौर नगर पालिक निगम) प्रमोद दुबे (सभापति नगर पालिक निगम) ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पवन दीवान से जुड़े अपने संस्मरण सुनाए। इस अवसर पर प्रसिद्ध साहित्यकार एवं कवि नवदीप सूरदीप एवं डाक्टर सत्यभामा आडिल का पवन दीवान स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया । इसके लिए उन्हें सम्मान पत्र , स्मृति चिन्ह , शाल, श्रीफल एवं 21000 प्रदान किया गया।
कवियों ने सुनाई कविता
इसके पूर्व कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। नवदीप सूरदीप ,मीर अली मीर, रमेश कुशवाहा, रामेश्वर वैष्णव, किशोर तिवारी ,नीलू मेंघ, चंद्रशेखर शर्मा, राजेश तिवारी एवं भारत त्रिवेदी ने काव्य पाठ किया। अंत में आभार प्रदर्शन विप्र सांस्कृतिक भवन समिति के अध्यक्ष नरेंद्र तिवारी ने किया। इस अवसर पर मृत्युंजय दुबे, विभा तिवारी ,कुसुम शर्मा ,डाक्टर उषा दुबे ,व्यास नारायण शुक्ला, अशोक दीवान, अविनाश शुक्ला, आनंद पांडे ,डॉक्टर ध्रुव पांडे, संजय दीवान ,प्रकाश तिवारी, अनुराग पांडे ,नटराज शर्मा , राज शेखर चौबे सहित ब्राह्मण समाज के सदस्य एवं छत्तीसगढ़ के साहित्यकार बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
