राजनांदगांव। महंत बलरामदास शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक शाला (स्टेट स्कूल) के अस्तित्व में खतरा मंडराने लगा है। राज्य सरकार ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। इसकी भनक लगते ही विरोध शुरू हो गया है। वैष्णव समाज ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। स्टेट स्कूल में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिेंदी माध्यम स्कूल खोले जाने के विरोध में वैष्णव समाज ने शुक्रवार को जिला कार्यालय के सामने धरना देकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। समाज ने एक स्वर में कहा कि राज्य सरकार बैरागी राजाओं के अस्तित्व को मिटाने में जुटी है। राजा ने हर वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के उद्देश्य से इस स्कूल की स्थापना की थी। ताकि हर वर्ग स्कूल में पढ़ सकें। उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल खुलने से बच्चों को काफी परेशान होना पड़ेगा। स्कूलों में सीटों की संख्या कम हो जाएगी।
अस्तित्व मिटा रही सरकार
वैष्णव समाज के लोगों ने कहा कि सरकार ने पहली ही शहर की सर्वेश्वरदास स्कूल को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में तब्दील किया था। जिसका विरोध भी किया गया था। विरोध के दौरान प्रशासन ने नाम नहीं बदलने व स्क्ूल में पढ़ने वाले छात्रों को यथावत रखने की बात कही थी। लेकिन कुछ दिन बाद सर्वेश्वरदास स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को टीसी थमा दिया गया। आज पूरा स्कूल का नाम बदल गया है।
सर्वेश्वरदास के स्थान पर स्वामी आत्मानंद है
छात्रों के जुबान में सर्वेश्वरदास के स्थान पर स्वामी आत्मानंद है। सरकार दानवीर राजाओं की धरोहरों को मिटाने का काम कर रही है। प्रदेश सलाहकार देव कुमार निर्वाणी एवं जिला महासचिव संदीप दास वैष्णव ने बताया कि महंत राजा बलराम दास स्मृति विद्यालय सन 1885 से संचालित है। जिसमें आज तक सैकड़ों विभूति यहां से शिक्षा ग्रहण कर आगे बढ़ी है। ऐसे दानवीर राजाओं का नाम विलोपित करने का कुटिल प्रयास शासन प्रशासन द्वारा किया जा रहा है, जो बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विरोध के बीच प्रशासन ने दिया तर्क
इधर, प्रशासन ने स्पष्ट करते हुए कहा है कि स्टेट हाई स्कूल अब अपग्रेड होकर आधुनिकीकरण का रूप लेगी। स्कूल के भव्यता के साथ वहां की सभी सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा। पुराने स्कूल भवन का जीर्णोद्धार और निर्माण के साथ बेहतर से बेहतर सुविधा प्रदान कर आदर्श स्कूल के रूप में तब्दील किया जाएगा। स्कूल के जीर्णोद्धार के साथ स्कूल के मूल स्वरूप, नाम, विषय और स्कूल के सीट की संख्या में कोई बदलाव नहीं होगा। स्कूल में पढे वाले विद्यार्थियों को सभी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
नए स्वरूप में संचालन किया जाएगा
शासन द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की तर्ज पर राजनांदगांव शहर के प्राचीन महंत राजा बलराम दास बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (स्टेट हाइ स्कूल) का आधुनिकीकरण के साथ नए स्वरूप में संचालन किया जाएगा। महंत राजा बलराम दास बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (स्टेट हाइ स्कूल) के भवन को जीर्णोद्धार और निर्माण के साथ-साथ बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। स्कूल में विद्यार्थियों को आकर्षक कक्षा, प्राचार्य और शिक्षकों के लिए स्टाफ रूम, टायलेट ब्लॉक जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होगी
