रायपुर : आयरन और विटामिन से भरपूर है फोर्टिफाईड चावल
नियमित उपयोग से पोषण स्तर में होता है सुधार
रायपुर, 03 जून 2022
छत्तीसगढ़ के राशन दुकानों से वितरित किए जा रहे फोर्टिफाईड चावल आयरन, फॉलिकएसिड और विटामिन बी-12 के गुणों से भरपुर है। इसके नियमित उपयोग से पोषण स्तर में सुधार आता है। मध्यान्ह भोजन योजना तथा पूरक पोषण आहार योजना के तहत दिसम्बर 2021 से प्रदेश के सभी जिलों में आयरन फॉलिकएसिड एवं विटामिन बी-12 युक्त फोर्टिफाईड चावल का वितरण किया जा रहा है। साथ ही मई 2022 से प्रदेश के 10 आकांक्षी जिला बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, सुकमा, कोण्डागांव, नारायणपुर, महासमुंद, राजनांदगांव एवं कोरबा और दो उच्च प्राथमिकता वाले जिलें रायगढ़, कवर्धा सहित कुल 12 जिलों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत राशन कार्ड धारी परिवार को फोर्टिफाईड चावल का वितरण किया जा है।
फोर्टिफाइट चावल में आयरन की अधिकता होती है। इसके नियमित उपयोग से खून की कमी नहीं होती। फॉलिक एसिड से युक्त होने के कारण गर्भस्थ भु्रण के विकास और भु्रण व गर्भवती महिला में खून के निर्माण में सहायता मिलती है। चावल में मौजूद विटामिन बी 12 खून के निर्माण और तंत्रिका तंत्र (नर्वस सिस्टम) के सामान्य तरीके से काम-काज में सहायता पहुंचाता है। फोर्टिफाईड चावल को पकाने से पूर्व कुछ देर तक भिगो कर रखने से इसकी पौष्टिकता में बढ़ोत्तरी होती है साथ ही चावल अच्छे से पक जाता है।
