धमतरी 06 जून 2022
जलजीवन मिशन अंतर्गत जिला जल एवं स्वच्छता समिति की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आज सुबह कलेक्टर श्री पी.एस. एल्मा की अध्यक्षता मंे आहूत की गई, जिसमें उन्होंने योजनावार कार्याें की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने रेट्रोफिटिंग जलप्रदाय योजना, सिंगल विलेज जलप्रदाय योजना, सोलर आधारित पेयजल योजना सहित समूह जलप्रदाय योजना की संक्षिप्त समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने तथा पाइपलाइन विस्तार तथा टंकी शिफ्टिंग के कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अनुविभागीय अधिकारी ने बताया कि रेट्रोफिटिंग जलप्रदाय योजना के तहत 262 में से सभी के कार्यादेश जारी हो चुके हैं और 253 कार्य प्रगति पर हैं जबकि 09 कार्य शुरू होने में शेष है। इसी तरह सिंगल विलेज जलप्रदाय योजना की जानकारी देते हुए बताया कि 31 के लक्ष्य के विरूद्ध 119 कार्य प्रक्रियाधीन है और 200 के कार्यादेश जारी हो चुके हैं जबकि प्रगतिरत योजनाओं की संख्या 146 है। इसके अलावा सोलर आधारित पेयजल योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि 80 योजनाओं में से सभी के कार्यादेश जारी किए गए हैं जबकि 14 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। मिशन के तहत प्रस्तावित समूह जलप्रदाय योजनाओं की प्रगति के बारे में बताया गया कि चार योजनाओं में से दो यानी सांकरा समूह जलप्रदाय योजना और घठुला समूह जलप्रदाय योजना की निविदा प्रक्रियाधीन है, जबकि बेलरगांव तथा रूद्री समूह जलप्रदाय योजना सोर्स फाइंडिंग समिति में अनुमोदनार्थ विचाराधीन है। इस पर कलेक्टर ने सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण संपादित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रियंका महोबिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
