रेस्क्यू टीम के लोगों ने जिस लगन और समर्पण भाव से काम किया, वह प्रशंसनीय: मुख्यमंत्री श्री बघेल
मुख्यमंत्री ने कहा -ऑपरेशन दुरूह था, संकट आए, संघर्ष आए, लेकिन हिम्मत बनी रही
मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू टीम को किया सम्मानित
राज्य शासन उठाएगी राहुल साहू की पढ़ाई-लिखाई एवं चिकित्सा का खर्च
राज्योत्सव में होगा राहुल और रेस्क्यू टीम का फिर से सम्मान
रायपुर, 16 जून 2022
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि जांजगीर-चांपा जिले के बोरवेल में फंसे बच्चे को निकालने के लिए चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन पर डाक्यूमेंटरी फिल्म बननी चाहिए। रेस्क्यू टीम के इस अनुभव को प्रदेश और देश के लोग समझ सकें। यह फिल्म भविष्य में ऐसी होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए भी सीख बनेगी। मुख्यमंत्री बघेल आज यहां अपने निवास कार्यालय में जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पिहरीद के बोरवेल में फंसे बच्चे के रेस्क्यू ऑपरेशन में उल्लेखनीय भूमिका अदा करने वाले जिला प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ, सेना और पुलिस के जवानों सहित इस आपरेशन में सहयोग देने वाले लोगों के सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
