अंबिकापुर- बनारस मुख्यमार्ग में वाड्रफनगर के अजगरा नाले के पास सोमवार शाम करीब 4.30 बजे दो बाइकों की भिड़ंत में स्कूल से लौट रहे शिक्षक की मौके पर मौत हो गई। वहीं दूसरे बाइक का चालक युवक एवं बालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर में दाखिल कराया गया है।
वाड्रफनगर एसडीओपी अभिषेक झा ने बताया कि सोमवार शाम करीब 4.30 बजे बनारस मुख्यमार्ग में अजगरा नाले के पास बसंतपुर हाई स्कूल अपने बाइक में सवार होकर घर लौट रहे व्याख्याता समलेश पटेल की बाइक को सामने से तेज रफ्तार में आ रहे पल्सर बाइक ने टक्कर मार दी। बाइकों की भिड़ंत में समलेश पटेल सड़क पर गिर गए और सिर में गंभीर चोट आने के कारण उनकी मौके पर मौत हो गई। पल्सर वाहन में सवार विदेश पिता रामसुंदर 21 वर्ष तथा तथा पीछे बैठा ऋषि पिता प्रेम प्रकाश 11 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बाइक में सवार होकर वाड्रफगर से बसंतपुर की ओर जा रहे थे। हादसे की सूचना पर तीनों को अस्प्ताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने समलेश पटेल 45 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने देर शाम शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
हेलमेट पहने थे, लेकिन नहीं बच सकी जान-
हादसे में मृतक शिक्षक समलेश सिंह प्रतिदिन सोनडीहा से बसंतपुर स्कूल आते-जाते थे। उन्होंने हेलमेट भी पहन रखा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पल्सर चालक युवक नशे की हालत में तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था और उसने गलत साइड में जाकर बाइक सवार शिक्षक को टक्कर मार दी। हादसे में समलेश सिंह के नीचे गिरने से उनका सिर सड़क से टकरा गया जिससे गंभीर चोट आने के कारण उनकी मौत हो गई।
