इंदौर
इंदौर में सोमवार को 14 से ज्यादा टंकियों से जुड़े इलाकों में जलप्रदाय प्रभावित होगा। इन टंकियों से आसपास की कालोनियों और रहवासी इलाकों में जलप्रदाय नहीं हो पाएगा। वांचू पाइंट के पास पंपिंग स्टेशन को विद्युत प्रदाय करने वाले सब स्टेशन नंबर 2 में केबल फाल्ट होने के कारण नर्मदा द्वितीय चरण के पंप रविवार सुबह 7 से शाम 7 बजे तक बंद रहे। इसके कारण नर्मदा द्वितीय चरण के टावर लाइन का जम्पर भी जल गया। 70 फीट ऊंचे टावर पर लगे जम्पर को सुधारने में चार से पांच घंटे लगे। इस वजह से नर्मदा प्रथम व द्वितीय चरण के पंप रविवार रात 8 बजे चालू किए जा सके।
पंप बंद रहने के कारण सोमवार को अन्नपूर्णा, राजमोहल्ला, भक्त प्रहलाद नगर, एमओजी लाइन, स्कीम नंबर 103, छत्रीबाग, द्रविड़ नगर, लोकमान्य नगर, सदर बाजार, सुभाष चौक, महाराणा प्रताप नगर, अगरबत्ती काम्प्लेक्स, नरवल, गांधी हाल की पानी की टंकियां नहीं भरी जा सकीं व कुछ क्षमता से कम भरी। इसके कारण इन टंकियों से जुड़े इलाकों में सोमवार को जलप्रदाय प्रभावित होगा। इन इलाकों और कालोनियों में जलप्रदाय प्रभावित होने कारण नगर निगम द्वारा यहां पानी के टैंकरों से जलप्रदाय किया गया। गौरतलब है कि जलूद में पिछले एक माह में दूसरी बार इस तरह का विद्युत फाल्ट होने के कारण पंपों को बंद करने की समस्या सामने आई है। मंगलवार से सभी टंकियां भरी जा सकेंगी और जलप्रदाय सामन्य रहेगा।
