छत्तीसगढ़ के भिलाई में पुलिस ने हाईड्रोलिक जैक चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 10 लाख रुपये का समान बरामद किया है। इन आरोपियों ने हाईवे पर निर्माणाधीन पुल से ही हाईड्रोलिक जैक चोरी कर लिया था। मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, डबरापारा के एनएच पर फ्लाईओवर के कार्य के लिए जर्मन निर्मित हाईड्रोलिक जैक को उपयोग किया जा रहा था। चोरों ने ब्रिज में लगे जैक निकाल लिए और भाग निकले थे। इसके बाद ब्रिज में सुरक्षा का काम देखने वाले कीर्तन दत्त ने चोरी की सूचना पुलिस को दी थी। कुछ घंटों बाद ही पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों ने ब्रिज निर्माण में लगे चार हाईड्रोलिक जैक सपोर्ट और लोहे के प्लेट समेत अन्य सामान चोरी किया था। गनीमत रही कि ब्रिज को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। वारदात के दौरान निर्माणधीन ब्रिज के नीचे आठ मजदूर सोए थे और चोर ऊपर ब्रिज में सपोर्ट के लिए लगाए गए हाईड्रोलिक जैक निकाल कर ले गए। जैक नहीं मिलने पर निर्माण कार्य में चार माह होता विलंब
पुलिस ने बताया कि हाईड्रोलिक जेक नही मिलने की स्थिति में निर्माण कार्य में चार माह और विलंब होता। इस जैक को जर्मनी से मांगना पड़ता है। दुर्ग एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया कि हाईड्रोलिक जैक जिस जगह से चोरी हुआ था, वहां रेलवे का ब्रिज है। आरोपी जैक चोरी करने के बाद उसे बेचने के लिए कबाड़ी की तलाश कर रहे थे। पकड़े गए आरोपियों में दुष्यंत ठाकुर, राहुल साहू, मोहन निर्मलकर शामिल हैं।
