राजनांदगांव @ पत्रिका. नगर निगम द्वारा शहर के चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में गंज लाइन में भव्य अहिंसा प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाना है। प्रवेश द्वार निर्माण के लिए आज समाज द्वारा आयोजित आयोजन में महापौर हेमा सुदेश देशमुख ने सामाजिक बंधुओं की उपस्थिति में जैन मुनियों आगम सागर महाराज, पूनित सागर महाराज एवं धैर्य सागर महाराज के सानिध्य में मंत्रोच्चारण के साथ पूजा अर्चनाकर भूमिपूजन किया गया। बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष खूबचंद पारख, दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष अशोक झाझरी, सकल जैन संघ के अध्यक्ष मनोज बैद, नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु, महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य मधुकर वंजारी, संतोष पिल्ले, गणेश पवार व अमीन हुद्दा, वरिष्ठ पार्षद कुलबीर छाबड़ा, पार्षद राजेश जैन रानू,समाज के सचिव रविकांत जैन, पूर्व अध्यक्ष पीसी जैन के अलावा समाज के वरिष्ठ डीसी जैन, पदम कोठारी, सूर्यकांत जैन प्रमुख रूप से उपस्थित थे। भूमिपूजन के पूर्व अतिथियों का समाज के लोगों ने मोती की माला एवं जैन गमछा पहनाकर स्वागत किया। आर्शीवचन में आगाम सागर महाराज ने कहा कि 2012 में विद्यासागर महाराज के साथ दिगंबर जैन मंदिर आने का अवसर मिला, उस समय मंदिर के सामने चौड़ी सड़क एवं चौक देखकर महाराज ने प्रवेश द्वार बनाने की मंशा जाहिर की थी, जो आज पूर्ण होने जा रहा है। महापौर देशमुख ने कहा कि समाज के लोगों के द्वारा गंज चौक का नामकरण एवं प्रवेश द्वार निर्माण की मांग बहुत दिनों से की जा रही थी। मांग पूर्ण करने प्रक्रिया भी की जा रही थी, किन्तु परिस्थितिवश नहीं हो पाया था, लेकिन अब सबकी सहमति से नामकरण हुआ और अब महापौर निधि से 10 लाख रूपये की लागत से प्रवेश द्वार का निर्माण करने भूमिपूजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर आज मुनियों के सानिध्य में भूमिपूजन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मैं समाज का धन्यवाद देती हूॅ कि इस अच्छे काम के लिये मुझे माध्यम बनाया हमारा पूरा निगम परिवार भाग्यशाली हैं।
