देश कोरोना वायरस की दूसरी लहर का प्रकोप जारी है। चार दिन बाद आज यानी सोमवार को कोरोना संक्रमण के मामलों और कोविड से होने वाली मौतों में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। देश में बीते 24 घंटे में 3.66 लाख से अधिक नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3,754 लोगों की जान चली गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। इससे पहले, पिछले चार दिनों से लगातार हर रोज 4 लाख से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिल रहे थे।
कोरोना महामारी की दूसरी लहर के चलते देश भर में हाहाकार मचा हुआ है। लगातार बढ़ते कोरोना मरीजों की वजह से देश भर के अस्पतालों में बेड, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की भारी किल्लत जारी है। सैकड़ों मरीज बिना इलाज के ही दम तोड़ रहे हैं। वहीं श्मशान घाटों पर शवों के अंतिम संस्कार के लिए कई घंटों का इंतजार करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटों में 3,66,161 नए कोरोना मरीज मिल हैं। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2,26,62,575 पहुंच गई है। वहीं देश में लगातार दूसरे दिन 3,754 लोगों ने दम तोड़ा है। इसके साथ कोविड से मरने वालों की संख्या 2,46,116 पहुंच गई।
देश में तेजी से बढ़ रहे सक्रिय मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी जारी है। राहत की बात ये है कि पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 3,53,818 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं। इसके साथ ही देश में अब तक 1,86,71,222 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बेहद कम है। फिलहाल, देश में सक्रिय मामले बढ़कर 37,45,237 पहुंच गए हैं। सक्रिय मामलों की संख्या अमेरिका के बाद सबसे अधिक भारत में है।
