राजनांदगांव | शहर के गायत्री विद्या मंदिर (हिंदी माध्यम), कंचनबाग की प्राचार्य सीमा श्रीवास्तव ने विद्यालय के टॉपर विद्यार्थियों के साथ जिला पंचायत सीईओ सुरुचि सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास बघेल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान छात्राओं की उत्कृष्ट उपलब्धियों पर उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कक्षा 12वीं गणित संकाय में झरना देवांगन ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पांचवां स्थान हासिल किया, जबकि विधि साहू ने 92 प्रतिशत अंक के साथ जिले में नौवां स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 10वीं में मीनल साहू ने 93 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस सफलता से विद्यालय के साथ जिले का नाम भी गौरवान्वित हुआ है। जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों की मेहनत और सफलता की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ये छात्र-छात्राएं अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
