राजनांदगांव , प्रदेशभर की पीडीएस दुकानों से तीन महीने का चावल, शक्कर और नमक 30 अप्रैल तक एकमुश्त वितरण नहीं किया जा सका। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय ने एक आदेश जारी कर 15 मई तक राशन का उठाव करने कहा है। अन्यथा हितग्राहियों का राशन लैप्स हो जाएगा। आदेश के बाद पीडीएस की दुकानों में हितग्राहियों की लाइन लगनी शुरू हो गई। खाद्य विभाग ने तीन माह का 99 प्रतिशत राशन का भंडारण और 70 फीसदी वितरण करने का दावा किया है।
खाद्य अधिकारी रविन्द सोनी ने बताया कि जिले में केवल शेष 30 फीसदी हितग्राहियों को 15 मई तक वितरण कर दिया जाएगा। पीडीएस संचालकों को सुबह जल्दी दुकान खोल कर वितरण करने कहा गया है। पीडीएस की दुकानों से तेजी से वितरण और फिर छोटी दुकानों में दोबारा भंडारण करने ऐसी व्यवस्था लागू की है। अप्रेल से जून तक तीन माह का राशन एकमुश्त वितरण किया जाएगा। दूसरी तरफ कुछ पीडीएस संचालकों ने दुकानों में चावल का पर्याप्त स्टॉक नहीं होने की जानकारी दी। अप्रैल माह की शक्कर अभी वितरित की जा रही है। शनिवार को जिलेभर की दुकानों में बड़ी संख्या में हितग्राही राशन लेने पहुंचे थे।
बसंतपुर क्षेत्र की राशन दुकानों में हितग्राहियों की शिकायत पर पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री पहुंचे। कहा 15 मई के बाद राशन लैप्स हुआ तो सरकार जिम्मेदार होगी। बसंतपुर वार्ड 46 की दुकान पहुंचे तो वहां तकनीकी कारणों से कई दिनों तक राशन वितरण बाधित रहने की जानकारी मिली। मई और जून माह का चावल और अप्रैल की शक्कर वितरित की, नमक नहीं है। सर्वर डाउन की समस्या है। समय सीमा बढ़ा कर 31 मई करने की मांग है।
