राजनांदगांव , मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरत्न ने जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुमरदा, तुमड़ीबोड़ और करमतरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण, अधिकारियों-कर्मचारियों की मुख्यालय में उपस्थिति, ओपीडी समयावधि के पालन तथा आकस्मिक चिकित्सा सेवाएं सुचारु रखने के निर्देश दिए। साथ ही 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण और सभी स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में जीवनरक्षक दवाइयों और उपभोग्य सामग्रियों की उपलब्धता बनाए रखने, लू और हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए कूलिंग वार्ड तथा शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। राष्ट्रीय कार्यक्रमों के तहत 100 दिवसीय टीबी अभियान में अधिकाधिक स्क्रीनिंग, एक्स-रे तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर सोनोग्राफी और दूरभाष के माध्यम से फॉलोअप करने पर भी जोर दिया गया।
प्रत्येक आयुष्मान आरोग्य मंदिर में प्रत्येक बुधवार को मधुमेह और ब्लड प्रेशर के मरीजों को अधिक संख्या में बुलाकर योग गतिविधियां संचालित करने तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई बनाए रखने को कहा। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करमतरा में गर्भवती महिलाओं से मुलाकात कर उनके उपचार और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी ली गई। निरीक्षण के दौरान जिला सलाहकार (एनसीडी) विकास राठौर, ग्रामीण चिकित्सा सहायक दिलीप बारले तथा संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
