Rajnandgaon: साला ने जीजा के घर में लगाई आग, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
राजनांदगांव। चिखली चौकी क्षेत्र में रिश्तेदारी विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। शराब के नशे में साले ने पहले अपने जीजा से गाली-गलौज और मारपीट की, फिर रिपोर्ट लिखाने की बात से नाराज होकर उसके घर में आग लगा दी। मामले में चिखली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 6 जून 2026 को चौकी चिखली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने मोहल्ले में बैठकर घरेलू बातचीत कर रहा था। इसी दौरान रिश्ते में उसका साला रिस्ता नेताम शराब के नशे में वहां आया और मां-बहन की अश्लील गालियां देने लगा। मना करने पर आरोपी और अधिक उत्तेजित हो गया और हाथ-मुक्के से मारपीट करते हुए गाल पर नुकीली वस्तु से वार कर चोट पहुंचाई।
प्रार्थी जब घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने चौकी चिखली पहुंचा, इसी बीच आरोपी साले ने उसके घर में आग लगा दी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 115(2), 326(जी) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में चिखली पुलिस ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने आरोपी रिस्ता गोड़ पिता स्व. तुलसीराम गोड़, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम बोरी, चौकी चिखली, जिला राजनांदगांव को ग्राम बोरी से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल दाखिल कर दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, उप निरीक्षक सत्तुलाल कंवर, आरक्षक सुनील बैरागी, चन्द्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, आदित्य सोलंकी सहित चौकी चिखली स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Read Also: राजनांदगांव : शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय में प्रथम वर्ष प्रवेश हेतु ऑनलाईन आवेदन प्रारंभ
