राजनांदगांव। बसंतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजीव नगर वार्ड में रविवार को एक मकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना लक्ष्मी टेंट हाउस के पास स्थित गली की बताई जा रही है, जहां मकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।
आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। स्थानीय लोगों की सतर्कता और प्रयासों से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। बताया जा रहा है कि क्षेत्र घनी आबादी वाला है, ऐसे में आग अगर फैलती तो आसपास के मकानों तक पहुंचकर बड़ा नुकसान कर सकती थी। लोगों का कहना है कि अगर आग ज्यादा फैल जाती, तो हालात गंभीर हो सकते थे।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल मकान में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर लोगों ने आपसी सहयोग से आग बुझाया।
