राजनांदगांव , जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में पूर्व मंत्री व सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। जनता के विश्वास और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव आया है।
अग्रवाल ने कहा कि पिछले एक दशक में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। जन-धन योजना के तहत 58 करोड़ बैंक खाते खोले गए, जबकि 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 60 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है। कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान मिले हैं और उज्ज्वला योजना के तहत 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए हैं।
किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से 11 करोड़ किसानों के खातों में 4.3 लाख करोड़ रुपये सीधे भेजे गए हैं। कहा कि देश में राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक हो चुका है। रेलवे, मेट्रो और हवाई सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। आज 164 वंदे भारत ट्रेनें देशभर में संचालित हो रही हैं और हवाई अड्डों की संख्या बढ़कर 164 तक पहुंच गई है। कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर मजबूत और भरोसेमंद राष्ट्र के रूप में उभरा है। जी-20 की सफल अध्यक्षता और बढ़ते विदेशी निवेश से देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है।
