CG : दो सगे भाइयों की मौत, बिलासपुर में सड़क हादसा …
बिलासपुर। जिले के बेलतरा हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कोयले से भरा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार दोनों भाई ट्रेलर की चपेट में आ गए और उसके नीचे दब गए। मृतकों की पहचान संदीप रजक और प्रदीप रजक के रूप में हुई है। दोनों भाई काम खत्म कर अपने घर लौट रहे थे, तभी बेलतरा हाईवे पर यह दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रेलर की तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खो देना माना जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य शुरू किया गया। एक ही परिवार के दो कमाऊ बेटों की अचानक मौत से घर में कोहराम मच गया है। बेलतरा क्षेत्र में भी शोक की लहर है और लोग परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
