जनता नगर में हनुमान मंदिर के पीछे हुआ हादसा, राहत-बचाव कार्य जारी; एक व्यक्ति घायल
मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रविवार शाम मानखुर्द इलाके में बड़ा हादसा हो गया। जनता नगर स्थित हनुमान मंदिर के पीछे चॉल नंबर पांच में ग्राउंड प्लस तीन मंजिला संरचना की तीन झोपड़ीनुमा यूनिट्स अचानक भरभराकर गिर गईं। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, फायर ब्रिगेड, बीएमसी वार्ड स्टाफ और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया। मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए टीमों ने देर रात तक रेस्क्यू अभियान जारी रखा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेज बारिश के बीच अचानक इमारत का एक हिस्सा जोरदार आवाज के साथ नीचे गिर गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
जानकारी के अनुसार, घायलों को शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में महिलाएं और पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे में घायल एक व्यक्ति का इलाज जारी है।
मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण पेड़ गिरने, दीवार गिरने और पुराने ढांचों के कमजोर होने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। मानखुर्द की इस घटना ने एक बार फिर बरसात के मौसम में जर्जर और कमजोर इमारतों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। बीएमसी और संबंधित एजेंसियां मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान जर्जर इमारतों और खतरनाक ढांचों से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें।
