NTA ने जारी किया नीट यूजी 2026 का स्कोरकार्ड और फाइनल आंसर-की; सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं, 715 अंक रहा सर्वाधिक स्कोर
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने NEET UG Result 2026 घोषित कर दिया है। 21 जून 2026 को आयोजित नीट यूजी पुनर्परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब NTA की आधिकारिक NEET वेबसाइट पर अपना स्कोरकार्ड देख और डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा में शामिल करीब 20 लाख उम्मीदवारों में से 11.21 लाख अभ्यर्थियों ने क्वालिफाई किया है।
NTA द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नीट यूजी 2026 परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में बनाए गए 5,440 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी सहित कुल 13 भाषाओं में हुई। सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं। छात्राओं का क्वालिफिकेशन प्रतिशत 56.8 रहा, जबकि छात्रों का क्वालिफिकेशन प्रतिशत 55.1 दर्ज किया गया।
आर्यन गुप्ता और पंशुल बंसल बने संयुक्त टॉपर
NEET UG 2026 में पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक हासिल किए हैं। दोनों उम्मीदवार संयुक्त रूप से देश के टॉपर बने हैं। परीक्षा में 19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक और 138 अभ्यर्थियों ने 690 से ज्यादा अंक प्राप्त किए हैं।
NEET UG 2026 का स्कोरकार्ड कैसे डाउनलोड करें?
उम्मीदवार अपना परिणाम देखने के लिए NTA की आधिकारिक NEET वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं। होम पेज पर उपलब्ध “Score Card for NEET (UG)–2026” लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद एप्लिकेशन नंबर, जन्मतिथि और मांगी गई सुरक्षा जानकारी दर्ज करके लॉगिन करें। स्क्रीन पर परिणाम दिखाई देने के बाद स्कोरकार्ड डाउनलोड कर उसका प्रिंट सुरक्षित रखा जा सकता है। आधिकारिक वेबसाइट पर स्कोरकार्ड के दो लिंक उपलब्ध कराए गए हैं।
स्कोरकार्ड में उम्मीदवार का नाम, रोल नंबर, विषयवार अंक, कुल प्राप्तांक, पर्सेंटाइल स्कोर, ऑल इंडिया रैंक, कैटेगरी रैंक और क्वालिफाइंग स्टेटस दर्ज होगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे स्कोरकार्ड में दी गई सभी जानकारियों की सावधानी से जांच करें।
फाइनल आंसर-की भी जारी
परिणाम के साथ NTA ने NEET UG 2026 की फाइनल आंसर-की भी जारी कर दी है। अंतिम उत्तर कुंजी में एक प्रश्न को हटाया गया है, जबकि एक अन्य प्रश्न में दो विकल्पों को सही माना गया है। इसी संशोधित उत्तर कुंजी के आधार पर अभ्यर्थियों के अंक और रैंक तैयार की गई है।
अब शुरू होगी नीट काउंसलिंग
NEET UG 2026 में क्वालिफाई करने वाले उम्मीदवार अब MBBS, BDS, AYUSH और अन्य संबद्ध स्नातक मेडिकल पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग में भाग ले सकेंगे। ऑल इंडिया कोटा की MBBS और BDS सीटों की काउंसलिंग मेडिकल काउंसलिंग कमेटी यानी MCC द्वारा आयोजित की जाएगी, जबकि राज्य कोटा सीटों के लिए संबंधित राज्य की काउंसलिंग अथॉरिटी प्रक्रिया संचालित करेगी।
NTA ने उम्मीदवारों को फर्जी कॉल, मैसेज, सीट दिलाने, रैंक बढ़ाने या पैसे लेकर एडमिशन कराने का दावा करने वाली वेबसाइटों से सावधान रहने की सलाह दी है। अभ्यर्थियों को परिणाम और काउंसलिंग से संबंधित जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइटों से ही प्राप्त करनी चाहिए।
