राजनांदगांव : स्टेट हाईवे पर निकाय में डिवाइडर, नाली का निर्माण मेरेगांव बस्ती से कराने की मांग…
अंबागढ़ चौकी , नगरीय निकाय क्षेत्र में अधोसंरचना से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने कलेक्टर तुलिका प्रजापति से भेंट कर नगर विकास से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा कर प्रशासन से सहयोग व अनुदान दिलाने की मांग रखी। नपं अध्यक्ष ने जिला मुख्यालय मोहला पहुंचकर कलेक्टर प्रजापति से भेंटकर नगर विकास से जुड़े कई विषयों पर चर्चा कर जिला प्रशासन से आपेक्षित सहयोग व अनुुदान दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने भरोसा दिलाया की नागरिकों के हित व मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए नगरीय निकाय को हर संभव मदद करेंगी।
नपं अध्यक्ष ने कलेक्टर को बताया कि राजनांदगांव से चौकी, मोहला-मानपुर स्टेट हाईवे का निर्माण कार्य प्रगति पर है। हाईवे निर्माण में अंबागढ़ चौकी नगर में डिवाईडर व नाली का प्रावधान निकाय सीमा के अंदर हड्डी गोदाम, पानी टंकी से शिवनाथ ब्रिज तक प्रस्तावित है। इसे नगर के प्रवेश द्वार वार्ड क्रमांक एक व दो मेरेगांव नगर में कन्या शिक्षा परिसर या नालंदा परिसर के सामने से कराने की मांग की। डिवाईडर व नाले के साथ नगरीय निकाय सीमा में सड़क के दोनों ओर पाथवे व सौंदर्यीकरण के लिए प्रकाश की सुविधा भी दिलाने की मांग रखी।
स्टेट हाईवे में कन्या शिक्षा परिसर या नालंदा परिसर से डिवाईडर व नाली का निर्माण किया जाता है तो नागरिकों के साथ-साथ यात्रियों को भी काफी सुविधाएं मिलेगी। आवागमन में दुर्घटनाओं को खतरा कम होगा, इसके अलावा इस निर्माण से नगरीय प्रशासन विकास विभाग को भी राहत प्राप्त होगी। कलेक्टर ने नपं अध्यक्ष को आश्वासन दिया की इस कार्य के लिए वे शीर्ष अधिकारियों से चर्चा कर नागरिकों व निकाय की मांग के अनुरूप व्यवस्थाएं प्रदान करने में सहयोग प्रदान करेंगी।
इंटकवेल, स्टेडियम व कॉम्प्लेक्स निर्माण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा: नपं अध्यक्ष मानिकपुरी ने नगरीय निकाय को आत्मनिर्भर बनाने व राजस्व वृद्धि के लिए नगर के विभिन्न स्थानों में कांप्लेक्स निर्माण के लिए भूमि प्रदान करने की मांग रखी। नपं अध्यक्ष ने कलेक्टर से इंटकवेल, स्टेडियम निर्माण सहित अन्य विषयों पर चर्चा कर प्रशासन से मिले रहे निरंतर सहयोग के लिए भी आभार जताया। अन्य प्रस्तावित कार्यों के लिए सहयोग की मांग रखी।
मुलाकात के दौरान डीएमएफ मद से स्वर्ग रथ वाहन तथा कान्हे प्राथमिक शाला, वार्ड 14 प्राथमिक शाला में किचन शेड निर्माण के लिए से अनुदान देने की मांग रखी। नपं अध्यक्ष ने कलेक्टर को बताया कि नगरीय निकाय सीमा क्षेत्र का काफी विस्तार हो गया है। ऐसे में मृत व्यक्तियों को अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम ले जाने के लिए निकाय में किसी तरह की वाहन सुविधा नहीं है और न ही सेवाभावी संस्था की ओर से ऐसी कोई सुविधा व व्यवस्था है।
जिससे नागरिकों को अंतिम संस्कार के लिए मृतकों को मुक्तिधाम ले जाने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नागरिकों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए निकाय को डीएमएफ मद से मुक्तांजलि वाहन एंबुलेंस प्रदान करने की कृपा करें। साथ ही नगर के दो प्राथमिक शालाएं कान्हे नगर व वार्ड 14 में मध्याह्न भोजन के संचालन में आ रही समस्याओं के निराकरण व बच्चो को सुविधाएं प्रदान करने के लिए किचन शेड के लिए अनुदान देने की मांग रखी।
