राजनांदगांव , गंडई-पंडरिया । सावन माह रविवार को गंडई-पंडरिया क्षेत्र में मां नर्मदा धाम मंदिर से शिव के धाम घटियारी तक कांवड़ यात्रा निकाली गई। बारिश के कारण यात्रा अपने निर्धारित समय से कुछ विलंब से शुरू हुई। सुबह 11 बजे नर्मदा मंदिर से यात्रा का शुभारंभ हुआ। बारिश के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। हाथों में कांवड़ और हर-हर महादेव का जयघोष करते बड़ी संख्या में श्रद्धालु घटियारी की ओर रवाना हुए। कांवड़ यात्रा में बच्चों, युवाओं, मातृशक्ति और बुजुर्गों ने उत्साह से हिस्सा लिया।
यात्रा के दौरान भक्ति गीतों, जयघोष और आकर्षक झांकियों ने माहौल को शिवमय बना दिया। रॉयल अघोर ग्रुप द्वारा प्रस्तुत आकर्षक झांकी यात्रा का प्रमुख आकर्षण रही। झांकी को देखने मार्ग में लोगों की भीड़ उमड़ती रही। यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए थे। यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के प्रयास किए गए, श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसका पूरा ध्यान रखा गया।
कांवड़ यात्रा में शामिल भक्तों का किया स्वागत कांवड़ यात्रा के दौरान नगर वासियों और सामाजिक संगठनों ने श्रद्धालुओं के स्वागत व सेवा के लिए जगह-जगह व्यवस्था की थी। विश्राम गृह के पास प्रेस क्लब, गंडई की ओर से कांवड़ यात्रियों को पेयजल वितरित किया गया।बस स्टॉपेज के सामने आरएसएस की गंडई इकाई ने पुष्पवर्षा की।
बारिश के बीच शिवधाम की तरफ बढ़ा कारवां रविवार को बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को नहीं डिगा सकी। मौसम खराब होने के बाद भी कांवड़ियों का कारवां आगे बढ़ता रहा। मां नर्मदा के पवित्र जल को कांवड़ में शिवधाम घटियारी तक पहुंचने वाली यह यात्रा क्षेत्र की धार्मिक आस्था की केंद्र बनी।
