राजनांदगांव के तीन खिलाड़ियों का चयन 10वीं टी-20 नेशनल बधिर क्रिकेट चैंपियनशिप के लिए छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम में हुआ है। शहर के आकाश वर्मा, योगेन्द्र देवांगन और हमेश साहू 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक गुजरात के सूरत में होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
तीनों की भागीदारी से जिले के खेल जगत में उत्साह है। महेश नगर निवासी आकाश वर्मा टीम में उप-कप्तान और ऑलराउंडर की भूमिका निभाएंगे। डोंगरगांव निवासी योगेन्द्र देवांगन विकेटकीपर के रूप में टीम का हिस्सा होंगे। जोरातराई निवासी हमेश साहू टीम मैनेजर की जिम्मेदारी संभालेंगे। तीनों पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी भागीदारी दर्ज करा चुके हैं। अब इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की तैयारी है। राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर है।
